मथुरा। उत्तर प्रदेश वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को जैत स्थित एकता क्रिकेट ग्राउंड पर मथुरा और हाथरस वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन के बीच मुकाबला खेला गया। इसमें मथुरा वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हाथरस की टीम को छह विकेट से हरा दिया। कुलविंदर सिंह बग्गा को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हाथरस वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 117 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मथुरा की टीम ने 16.3 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 119 रन बनाकर जीत दर्ज की। मथुरा की ओर से मिंटू कुरैशी ने 31 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 39 रन की शानदार पारी खेली। कुलविंदर सिंह बग्गा ने 17 रन बनाने के साथ गेंदबाजी में चार ओवर में 17 रन देकर दो विकेट हासिल किए। उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। अवतार चौधरी ने भी किफायती गेंदबाजी कर प्रभावित किया। हाथरस की ओर से भूरा सोनी ने चार ओवर में 19 रन देकर दो विकेट लिए। मथुरा की जीत पर कृष्णवीर चौधरी, शैलेश मिश्रा और महेश मित्तल सहित अन्य लोगों ने टीम को बधाई दी।