आगरा-ग्वालियर हाईवे स्थित गांव बाद के पास देर रात करीब एक बजे ग्वालियर की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान कार के दोनों एयरबैग भी खुल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, संभलगढ़ एमपी निवासी कार चालक अंकुश यादव अपने दोस्त सूरज के साथ मथुरा-वृंदावन धाम घूमने जा रहे थे। इसी दौरान गांव बाद के पास कार का अगला टायर पंक्चर हो गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में सूरज को हल्की चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से हटवाकर किनारे कराया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।