दशहरा और दीपावली के दौरान आगजनी की घटनाओं पर नियंत्रण लगाने के लिए अग्निशमन विभाग झंडूता ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और पटाखों के इस्तेमाल को देखते हुए विभाग सतर्क है। दशहरे के दिन झंडूता बाजार में अग्निशमन विभाग की गाड़ी तैनात रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। झंडूता उप अग्निशमन केंद्र के लीडिंग फायरमैन भाग सिंह ने बताया कि त्योहारी सीजन में विभाग के जवान पूरी तरह सतर्क हैं। आगजनी की किसी भी घटना से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। दशहरे पर बाजार में अग्निशमन वाहन तैनात करने का उद्देश्य संभावित घटनाओं पर तुरंत काबू पाना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि झंडूता उपअग्निशमन केंद्र के पास कुल चार वाहन हैं। इनमें तीन बड़े और एक छोटा वाहन शामिल है। केंद्र में 23 जवान तैनात हैं, जो क्षेत्र में आगजनी की घटनाओं पर काबू पाने और आपात परिस्थितियों में लोगों की सहायता के लिए तैयार रहते हैं। इसके अलावा क्षेत्र में पानी की आपूर्ति के लिए दो हाइड्रेंट भी स्थापित किए गए हैं। अग्निशमन विभाग ने आपात स्थिति में लोगों से 101 या झंडूता उप अग्निशमन केंद्र के दूरभाष नंबर 01978-272001 पर संपर्क करने की अपील की है।