फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दमोह में दर्दनाक हादसा: सिहोरा गांव के पास कटनी से इंदौर जा रही यात्री बस पलटी, चार साल की मासूम समेत 8 घायल

Wed, 28 Oct 2026 12:32 PM IST
दमोह ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह

दमोह-सागर मार्ग पर मंगलवार रात हुए सड़क हादसे में देहात थाना क्षेत्र के सिहोरा गांव के पास कटनी से इंदौर जा रही निजी कंपनी की यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई यात्री बस के भीतर फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। हादसे में आठ यात्रियों को चोटें आने की जानकारी है। इनमें चार वर्षीय बच्ची सहित चार लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।

बस स्टैंड से निकलते ही कुछ दूरी पर हादसा
जानकारी के अनुसार बस मंगलवार रात करीब 10 बजे दमोह बस स्टैंड से सागर की ओर रवाना हुई थी। इसे कटनी से दमोह होते हुए इंदौर जाना था लेकिन सिहोरा गांव के पास अचानक चालक बस पर से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे बाईं ओर पलट गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बस के पलटते ही अंदर बैठे यात्रियों ने मदद के लिए आवाज लगानी शुरू कर दी। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।

पेड़ से टकराकर रुकी बस, हादसा टला
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। सीएसपी एचआर पांडे, देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय और सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम दांगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू कराया।

ये भी पढ़ें: जबलपुर: पानी के टैक्स में 160 प्रतिशत की बढ़ोतरी, हाईकोर्ट ने कहा-आयुक्त नगरीय प्रशासन करे आवेदन का निराकरण

सीएसपी एचआर पांडे के अनुसार बस पलटते समय पेड़ से टकरा गई, जिससे वह पूरी तरह पलटने से बच गई। घटनास्थल के पास ही विद्युत डीपी भी मौजूद थी। ऐसे में बस का उससे टकराना एक और गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता था। गनीमत रही कि हादसे में किसी की गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं मिली। हादसे के बाद 108 एंबुलेंस और डायल-112 की सहायता से आठ घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। ड्यूटी डॉक्टर मनीष संगतानी के मुताबिक चार वर्षीय बच्ची सहित चार लोगों को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। घायलों की स्थिति फिलहाल ठीक बताई गई है।

एसडीएम संजय दुबे, तहसीलदार रघुनंदन चतुर्वेदी और कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया था।

मजदूरी के लिए इंदौर जा रहे थे यात्री
हादसे में घायल रेखा बाई और विकास सिंह ठाकुर ने बताया कि वे पन्ना जिले के रेपुरा से बस में सवार हुए थे और मजदूरी के लिए इंदौर जा रहे थे। दमोह बस स्टैंड से बस निकलने के कुछ देर बाद ही यह हादसा हो गया। यात्रियों के मुताबिक बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा किस वजह से हुआ इसकी उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं है।

चालक और कंडक्टर फरार
हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर के मौके से फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। हादसे के बाद बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बस की व्यवस्था कर इंदौर रवाना किया गया। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बस अनियंत्रित होने के पीछे तेज रफ्तार, लापरवाही या कोई अन्य कारण जिम्मेदार था।  

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें