इटौंजा क्षेत्र के करौंदी गांव के पास मंगलवार सुबह शार्प ग्लोबल स्कूल की बस में अचानक आग लग गई। हादसे के समय बस में करीब आठ बच्चे सवार थे। आग की चपेट में आने से दो बच्चे झुलस गए। इनमें जमखनवा निवासी तीन वर्षीय वेदांश शुक्ला को उपचार के लिए नजदीकी सीएचसी इटौंजा ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया गया। बस में आग लगते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने फुर्ती दिखाते हुए आग पर काबू पाया और बच्चों को बस से बाहर निकाला। घटना के बाद ग्रामीणों ने स्कूल प्रशासन और आरटीओ के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। ग्रामीणों ने बस की हालत को लेकर भी सवाल उठाए। घटना सुबह करीब नौ बजे की बताई जा रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।