गांव मोरथला स्थित निजी स्कूल में दसवीं कक्षा की छात्रा की टूर के दौरान जनवरी माह में हुई मौत को लेकर परिवार आज भी भटकने को मजबूर है। न परिवार को आज तक उसकी मौत के कारणों का पता चल पाया और न हीं समय पर सूचना मिल पाई थी। अब इस मामले की जांच एसडीएम शाहाबाद एसडीएम की अध्यक्षता में गठित की गई कमेटी करेगी। ये निर्देश कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने दिए। वे बुधवार को नए लघु सचिवालय में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में एजेंडे में शामिल 12 शिकायतों में से 11 का मौके पर ही निपटारा किया गया। बैठक में गांव धंतौड़ी निवासी संजीव कुमार ने शिकायत में बताया कि जनवरी माह में स्कूल की ओर से टूर आयोजित किया गया था। इस दौरान उनकी बेटी की मौत हो गई। उन्होने आरोप लगाए कि उन्हें न तो समय पर मौत की सूचना दी गई और न ही उसकी वजह बताई गई। इस पर कैबिनेट मंत्री ने सख्ती दिखाते हुए उक्त कमेटी के गठन व जांच के निर्देश दिए। इस कमेटी में जिला शिक्षा अधिकारी और समिति के चार सदस्यों को शामिल किया जाएगा। कमेटी पुलिस, स्कूल प्रबंधन और शिकायतकर्ता का पक्ष सुनने के बाद रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। बैठक में गांव चढूनी जाटान के तत्कालीन सरपंच के खिलाफ मिली शिकायतों की विभागीय विजिलेंस से जांच कराए जाने के भी आदेश दिए गए। ग्रामीण जयपाल ने शिकायत में ग्राम पंचायत की ग्रांट के दुरुपयोग का आरोप लगाया था। महिला की शिकायत पर पति और सास गिरफ्तार गांव कारसा डोड निवासी महिला की शिकायत पर मंत्री ने पुलिस को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर महिला के पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा गांव सूढ़पुर निवासी ज्ञानचंद सैनी और गांव खेड़ी मारकंडा निवासी महिला की शिकायतों की सुनवाई करते हुए उनका समाधान किया गया। पानीपत के मतलोडा निवासी प्रो. रामनिवास जंगम की शिकायत पर मंत्री ने एसडीएम पिहोवा को जंगम धर्मशाला में लगा शिलापट्ट दोबारा लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुराने शिलापट्ट पर लिखी सामग्री में केवल 'मठ' की जगह 'धर्मशाला' किया जाए, जबकि बाकी सामग्री पहले की तरह रखी जाए। वहीं वहीं, सेक्टर-3 निवासी की शिकायत पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के अधिकारियों को ग्रीन बेल्ट में लगाया गया अवैध दरवाजा हटाने के निर्देश दिए गए। सरपंच के खिलाफ चल रही जांच जल्द पूरी करने के निर्देश गांव रामगढ़ रोड निवासी रामेश्वर की शिकायत पर सुनवाई करते हुए मंत्री ने कहा कि गांव के सरपंच की कार्यशैली संतोषजनक नहीं है। सरपंच के खिलाफ अलग-अलग शिकायतों की जांच एसडीएम और जिला राजस्व अधिकारी (डीआरओ) के स्तर पर चल रही है। उन्होंने उपायुक्त को इन जांचों का जल्द निपटारा करवाने के निर्देश दिए। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सरपंच की ओर से ओटीपी के बिना काम नहीं किए जाते। एक सप्ताह में नुकसान की भरपाई की कार्रवाई के निर्देश लाडवा निवासी रामगोपाल की शिकायत पर मंत्री ने नगर पालिका लाडवा को आग लगने से हुए नुकसान की भरपाई के संबंध में एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी कहा कि भविष्य में ऐसी शिकायतों के समाधान के लिए किसी नागरिक को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। ये रहे मौजूद बैठक में विधायक थानेसर अशोक अरोड़ा, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, चेयरमैन सुभाष कलसाना, जयभगवान शर्मा डीडी, चेयरमैन रविंद्र सांगवान, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सैनी और उपाध्यक्ष डीपी चौधरी सहित अन्य सरकारी व गैर सरकारी सदस्य मौजूद रहे।