25 अक्टूबर को उत्तराखंड की ऊंची पहाड़ियों और चुनौतीपूर्ण रास्तों पर आयोजित आदि कैलाश परिक्रमा रन-2.0 में बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप (बीआरजी) के धावकों ने शानदार प्रदर्शन कर शहर का नाम रोशन किया। कर्नल कृष्ण बधवार ने 70 किलोमीटर अल्ट्रा परिक्रमा रन में अपने आयु वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार जीता। वहीं, महेश चंद ने 42 किलोमीटर मैराथन में अपने आयु वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त कर 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार हासिल किया। बीआरजी के संस्थापक एवं फिट इंडिया एंबेसडर दीपक छिल्लर ने बताया कि समुद्र तल से करीब 14 हजार फीट की ऊंचाई पर कम ऑक्सीजन और दुर्गम पहाड़ी रास्तों के बीच दौड़ना बेहद चुनौतीपूर्ण था। इन कठिन परिस्थितियों में दोनों धावकों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। उनकी उपलब्धि से पूरे बीआरजी परिवार में खुशी का माहौल है। 70 किलोमीटर अल्ट्रा दौड़ में कर्नल बधवार बने आयु वर्ग के विजेता दीपक छिल्लर ने बताया कि कर्नल कृष्ण बधवार ने 70 किलोमीटर की कठिन अल्ट्रा परिक्रमा पूरी करते हुए अपने आयु वर्ग में पहला स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि पर उन्हें एक लाख रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कर्नल बधवार ने आदि कैलाश की पावन भूमि और हिमालय के बीच दौड़ने को अविस्मरणीय अनुभव बताया। उन्होंने ईश्वर का आभार जताते हुए आयोजकों और साथी धावकों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि विश्वास, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से उम्र किसी के हौसले को नहीं रोक सकती। महेश चंद ने 5 घंटे 17 मिनट 16 सेकंड में पूरी की मैराथन बीआरजी के धावक महेश चंद ने 42 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण मैराथन 5 घंटे 17 मिनट 16 सेकंड में पूरी की। उन्होंने अपने आयु वर्ग में दूसरा स्थान हासिल किया और उन्हें 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार मिला। महेश चंद ने कहा कि आदि कैलाश की पावन और चुनौतीपूर्ण धरती पर मिली यह उपलब्धि उनके लिए हमेशा खास रहेगी। दीपक छिल्लर और समस्त बीआरजी परिवार ने दोनों धावकों को बधाई देते हुए उनके जज्बे की सराहना की। छिल्लर ने कहा कि हिमालय की कठिन परिस्थितियों में मिली यह सफलता अन्य धावकों को भी बड़े लक्ष्य तय करने और निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित करेगी।