नई टिहरी। चंबा पुलिस थाना क्षेत्र के कुमाल्डा में दुबड़ी गांव के पास 11 अक्तूबर की रात साढ़े 12 बजे एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से 50 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई। गनीमत रही कि तीनों कार सवार सुरिक्षत हैं। घटना का कारण कार के आगे अचानक जंगली जानवर आना बताया गया है।
कार चालक सॉफ्टवेयर इंजीनियर राहुल मिश्रा (27) पुत्र स्व. सुखदेव मिश्रा निवासी हाउस ऑफ जस्टिस मृदल मिश्रा, जगत नारायण रोड कमद कुआं पटना बिहार ने पुलिस को बताया कि वे बंगलूरू में सिस्को कंपनी में कार्यरत हैं। कंपनी के कार्य से देहरादून आया था। रात साढ़े 10 बजे वे दो दोेस्तों के साथ रायपुर से धनोल्टी घूमने जा रहे थे लेकिन रास्ता खराब होने के कारण वे आधे रास्ते से ही देहरादून लौट गए।
इस दौरान दुबड़ी गांव के पास कार के आगे अचानक जंगली जानवर आने के कारण कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिर गई। कार दुर्घटना का पता चलते ही स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंच गए थे। ग्रामीणों के सहयोग से वे खुद और देहरादून डीआरडीओ में कार्यरत सॉफ्टवेयर इंजीनियर विक्रांत सिंह (27) पुत्र सुभाष प्रसाद सिंह निवासी निशीहारा थाना बिरौल दरभंगा बिहार और देहरादून डीआरडीओ में कार्यरत सॉफ्टवेयर इंजीनियर सुब्बीर (33) कार से बाहर निकले और टैक्सी बुक कर देहरादून निकल गए। 12 अक्तूबर को फिर से घटना स्थल पर पहुंचे कार सवारों ने बताया कि दुर्घटना में किसी को भी चोट नहीं आई।