यूपी की पहली स्लीपर वंदेभारत ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को मेट्रो ट्रेन और बहुत सी सुविधाएं ऐसी मिलेंगी, जो हवाई यात्रा के दौरान मिलती है। आरामदायक सीट होने के साथ ही ट्रेन में कवच सिस्टम भी लगा है। किसी तरह की इमरजेंसी की स्थिति में ट्रेन आगे बढ़ नहीं पाएगी। सामान्य स्लीपर ट्रेन की तुलना में इस वंदेभारत स्लीपर ट्रेन की सीट चौड़ी होने के साथ ही आरामदायक भी है। यात्रा के दौरान कोई झटका महसूस नहीं होगा। दरवाजे सामान्य वंदेभारत ट्रेन की तरह खुलेंगे।
हर कोच में यात्रियों को उनकी सीट के पास ही सी टाइप मोबाइल चार्जिंग, स्टेशन का नाम बताने वाला डिस्प्ले सिस्टम भी लगाया गया है। वंदेभारत स्लीपर ट्रेन के उद्घाटन में अब केवल चार दिन बचे हैं। ऐसे में बनारस स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर रेल मंत्री के हाथों उद्घाटन की तैयारी शुरू हो गई है।
उद्घाटन के लिए यार्ड में तैयार हो रही नई ट्रेन
लोहता स्टेशन से पहले बने वॉशिंग पिट के यार्ड में खड़ी नई स्लीपर वंदेभारत को उद्घाटन के लिए तैयार किया जा रहा है। सोमवार को 10 कर्मचारियों की टीम साफ-सफाई में लगी रही। कोच में यात्री सुविधाओं से जुड़े सामानों को नए सिरे से दिखाया जा रहा है। दोपहर में रेलवे से जुड़े अधिकारी भी पहुंचे और उन्होंने तैयारी में लगे कर्मचारियों को समय से काम पूरा करने को कहा। अगले एक दो दिन में यार्ड से बनारस स्टेशन तक ट्रायल रन करवाने की तैयारी है। इस बीच पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक के भी मंगलवार को बनारस स्टेशन पर आने की तैयारी है। वह डीआरएम समेत अन्य अधिकारियों से कार्यक्रम का जायजा लेंगे।
वाराणसी से नई दिल्ली तक स्लीपर वंदेभारत में यात्रियों को यात्रा के दौरान बहुत अच्छा लगेगा। इमरजेंसी के लिए टॉक बैक सिस्टम के साथ ही आधुनिक तकनीक वाली इस ट्रेन से यात्रा भी आरामदायक होगी। संचालन के बारे में आधिकारिक तारीख आते ही यात्रियों को जानकारी दी जाएगी। - बीके यादव, एडीआरएम उत्तर रेलवे