निदेशक प्रो. पात्रा ने बताया कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, शोध कार्यों और नवाचारों को सम्मानित करने का मौका है। इस दौरान उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन और कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विद्यार्थियों को मेडल और पुरस्कार दिए जाएंगे।
प्रो. अमित पात्रा ने बताया कि इस वर्ष कुल 2,048 उपाधियां हैं। इनमें बीटेक की 1,106, इंटीग्रेटेड डुअल डिग्री (आईडीडी) की 385, एमटेक/एमफार्मा की 322, पीएचडी की 182, एमएससी की 39 और बीआर्क की 14 उपाधियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां संस्थान की तकनीकी शिक्षा, उच्चस्तरीय शोध और नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता को दिखाती हैं।
97 गोल्ड मेडल मिलेंगे
दीक्षांत समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विभिन्न मेडल और पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए कुल 62 विद्यार्थियों के नाम सूचीबद्ध किए गए हैं। इनमें कई विद्यार्थी एक से अधिक सम्मान प्राप्त करेंगे। पुरस्कारों में 97 गोल्ड मेडल, 2 सिल्वर मेडल, 25 नकद पुरस्कार शामिल हैं।
प्रमुख सम्मानों में एक प्रेसिडेंट्स गोल्ड मेडल शामिल है, जो बीटेक, बीआर्क और इंटीग्रेटेड डुअल डिग्री में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए दिया जाता है। वहीं, डायरेक्टर्स गोल्ड मेडल दो विद्यार्थियों के ओवरआल प्रदर्शन, संगठनात्मक क्षमता और नेतृत्व कौशल जैसी उपलब्धियों के लिए दिए जाएंगे।