अन्य मुकाबलों में सारनाथ अखाड़े के अंकित पहलवान ने छाही के अंकित को काला जंग दांव लगाकर पटक दिया। अजगरा के आशीष पहलवान ने मुगलसराय के आयुष को ढाक दांव से चित कर विजय हासिल की। बरेका के शोभनाथ और बजरंग नगर के अवनीश पहलवान के बीच भी काफी जोरदार कुश्ती हुई।
पहलवानों के शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। दंगल की शुरुआत से पहले पूर्व ब्लॉक प्रमुख और सपा नेता अवधेश पाठक ने पहलवानों का हाथ मिलाया। इन्होंने कहा कि कुश्ती से उनका विशेष लगाव रहा है। उन्होंने क्षेत्र में 12 अखाड़ों का जीर्णोद्धार कराया था।
कहा कि कुश्ती हमारी पारंपरिक खेल संस्कृति का बड़ा हिस्सा है। इससे ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। रेफरी की भूमिका में लालबहादुर पहलवान, संतोष पहलवान रहे। संचालन फौजी शत्रुघ्न सिंह ने किया। इस दौरान सभासद सुबास यादव, पप्पू तिवारी, मनोज प्रधान, संजीव सिंह, गौरव सिंह, जय प्रकाश, मूसे सरदार रहे।
काशी के लक्कड़ ने अयोध्या के मनीष को दी पटकनी
डीघ ब्लॉक के कोनिया क्षेत्र के भभौरी गांव में रविवार को अंतरजनपदीय कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन पं. बच्चू पहलवान विनीता देवी चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में किया गया। इसमें 50 से अधिक पहलवानों ने प्रतिभाग किया। भदोही, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, बिहार आदि स्थानों के पहलवान आए।
मुकाबले में कोइरौना थाने में तैनात दरोगा प्रमोद यादव ने गोपीगंज के संजय पहलवान को हराया। इसी तरह बनारस के लक्कड़ पहलवान ने अयोध्या के मनीष पहलवान को पटकनी दी। गाजीपुर के सूरज पहलवान ने बनारस के राजू को हराकर जीत दर्ज की। गोपीगंज के संतोष और घरांव के रमेश पहलवान भी विजयी रहे, जबकि आकाश और रमेश की भिड़ंत बराबरी पर छूटी। दंगल में महिला पहलवानों ने भी दमखम दिखाया।
बनारस की शिवानी ने कछवां की रीतू को पटकनी दी तो वहीं अंजू पहलवान ने रिया को चित कर दिया। आयोजक पहलवान अतुल पांडेय (बच्चा बाबू) ने बताया कि कुश्ती दंगल में 50 जोड़े से अधिक पहलवानों ने प्रतिभाग किया।