संतकबीरनगर। नवरात्र और दशहरा पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत विशेष जांच अभियान चलाया। सहायक आयुक्त खाद्य सतीश कुमार के नेतृत्व में टीम ने नवीन मंडी स्थित केला सप्लायरों और केला पकाने की यूनिटों का निरीक्षण किया।
वहीं, मड़या खलीलाबाद स्थित झिनकू समोसा भंडार में अत्यधिक गंदगी मिलने और अन्य कमियां पाए जाने पर प्रतिष्ठान को अग्रिम आदेश तक बंद करा दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नवीन मंडी स्थित जय अंबे केला सप्लायर, चंद्रिका प्रसाद केला भंडार और चौधरी फूड कंपनी की केला पकाने की यूनिट का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान मिली कमियों में सुधार के लिए संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
इसके बाद टीम ने मड़या खलीलाबाद स्थित झिनकू समोसा भंडार का औचक निरीक्षण किया। यहां अत्यधिक गंदगी और अन्य कमियां मिलने पर प्रतिष्ठान को अग्रिम आदेश तक बंद करा दिया गया। टीम ने समोसे का एक नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
सहायक आयुक्त खाद्य सतीश कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान कुल एक नमूना संग्रहित किया गया है। इसे जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डीके राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेश कुमार और सच्चिदानंद गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।