फतेहपुर जिले में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर एआरटीओ कार्यालय से 100 मीटर दूर ट्रक और पिकअप की बुधवार भोर करीब 4:45 पर सीधी टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चालक समेत सात लोग घायल हुए। कई की हालत गंभीर बनी है। वहीं, मौके से ट्रक लेकर चालक भाग निकला। पुलिस के मुताबिक हादसा पिकअप के गलत दिशा में होने की वजह से हुआ है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के बाकरगंज के बेलदरइया मोहल्ला निवासी गुलाब सिंह उर्फ कल्लू (53), शनि (32) लकड़ी काटने की ठेकेदार के अंडर में मजदूरी करते थे। इनके साथ मोहल्ले का अजय सिंह, श्याम सिंह, नंदन, रामआसरे, पिंकू, राजेंद्र भी लकड़ी कटाई का काम करते हैं। सभी लोग मोहल्ले का पिकअप चालक नरेंद्र के साथ घरों से भोर करीब चार बजे निकले।