हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव छोटा लाड़पुर में एक युवती को सांप ने आठवीं बार काटा है। ऐसा दावा युवती के पिता ने मंगलवार को किया है। घटना के बाद युवती का घर में अचेत पड़े रहने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, चिकित्सक का कहना है कि सर्पदंश का कोई लक्षण नहीं है। युवती का सामान्य इलाज चल रहा है।
गांव छोटा लाड़पुर निवासी कोमल प्रसाद का दावा है कि मंगलवार शाम उनकी बेटी अनीता (20) को आठवीं बार सांप ने काट लिया। उन्होंने बताया कि घटना के समय उन्होंने पास ही एक सांप को मुंह में मेंढक दबाए देखा था। हालांकि, युवती के शरीर पर सांप के काटने (बाइट मार्क्स) का कोई स्पष्ट निशान नहीं दिखाई दिया।
शनिवार को भी परिजन उसे सातवीं बार सांप काटने का दावा करते हुए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे डिस्चार्ज कर दिया था। ताजा घटना के वायरल वीडियो में युवती जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ी नजर आ रही है और परिजन आसपास मौजूद हैं। युवती का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
कोमल प्रसाद ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार गुहार लगाने के बाद भी वन विभाग की टीम सांप को पकड़ने नहीं आ रही है, जिससे उनके परिवार पर लगातार खतरा बना हुआ है। प्रभागीय वनाधिकारी राकेशचंद्र यादव ने बताया कि इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। टीम भेजकर मामला दिखवाया जाएगा।
परिजनों ने सांप काटने का दावा किया है। हालांकि, प्रथम दृष्टया सर्पदंश का कोई लक्षण नहीं दिखा। सांप काटने का जो निशान है वह पुराना है। एंटी स्नेक वेनम नहीं लगाया गया है। युवती का सामान्य इलाज चल रहा है। - डॉ. वैभव शर्मा, ईएमओ, जिला अस्पताल