जलेसर तहसील में एसडीएम पीयुष रावत को ज्ञापन सौंपते अधिवक्ता। संवाद
जलेसर। तहसील बार एसोसिएशन जलेसर के पूर्व अध्यक्ष नेत्रपाल सिंह बघेल पर हुए जानलेवा हमले को लेकर अधिवक्ताओं में आक्रोश है। घटना 19 सितंबर की शाम करीब 6:45 बजे जलेसर-आगरा मार्ग स्थित ग्राम गुदाऊ में हुई। आरोप है कि अधिवक्ता अपने मकान में अकेले बैठे थे तभी नामजद आरोपी घर में घुस आए और उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में थाना जलेसर में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। अधिवक्ताओं का आरोप है कि घटना के दो दिन बाद भी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। इसे लेकर सोमवार को दोपहर एक बजे तहसील बार एसोसिएशन की आवश्यक सामान्य बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 23 सितंबर तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो अधिवक्ता आंदोलन करेंगे।
अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी जलेसर पीयुष रावत के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर 24 सितंबर से सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहकर धरना-प्रदर्शन करेंगे। गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही गई। बैठक में रामप्रकाश सिंह, गिर्राज किशोर भारद्वाज, राजेश कुलश्रेष्ठ, प्रदीप कुलश्रेष्ठ, एदल सिंह बघेल, रमेश पाल सिंह, केपी सिंह यादव, हरिशंकर शर्मा, युवराज सिंह, रामनरेश यादव, गोवर्धन सिंह राजपूत, प्रमोद कुमार राठी, सुबोध जैन, कमलेश सारस्वत सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, दस्तावेज लेखक और स्टांप विक्रेता मौजूद रहे।