पुलिस की गिरफ्त में आरोपी सचिन सिंह ठाकुर
- फोटो : स्रोत- पुलिस
बरेली के न्यायालय परिसर में पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी सचिन सिंह ठाकुर को कोतवाली पुलिस ने बुधवार सुबह मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसकी फायरिंग में एक मुख्य आरक्षी की बाजू को गोली छूकर निकल गई। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, सुभाषनगर क्षेत्र के बंसीनगला निवासी सचिन सिंह ठाकुर 21 अक्तूबर को न्यायालय परिसर में पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से भाग गया था। इस मामले में कोतवाली में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। एसएसपी ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस टीम पर की फायरिंग
बुधवार सुबह करीब 3:35 बजे पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी रेलवे स्टेशन के आगे नॉर्थ कॉलोनी के पास मौजूद है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पैदल आता एक व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान मुख्य आरक्षी रवाब मियां की दाहिनी बाजू को गोली छूकर निकल गई।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में सचिन के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, दो कारतूस बरामद हुए हैं। सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी के आठ मुकदमे दर्ज हैं। घायल आरोपी और पुलिसकर्मी का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।