पेंशनरों को बड़ी राहत। (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला।
बरेली में नवंबर और दिसंबर में कोषागार में होने वाली भीड़ और असुविधा से बचने के लिए पेंशनर और पारिवारिक पेंशनर घर बैठे ऑनलाइन जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकते हैं। मुख्य कोषाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने कोषागार से पेंशन प्राप्त करने वाले सभी पेंशनरों से जीवन प्रमाणपत्र ऑनलाइन जमा करने की अपील की है।
मुख्य कोषाधिकारी शैलेश कुमार ने बताया कि पेंशनर
www.jeevanpramaan.gov.in पर जाकर या एंड्रॉयड मोबाइल के प्ले स्टोर से
Jeevan Pramaan और
Aadhaar Face RD एप डाउनलोड करके जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकते हैं। इसके लिए ऑपरेटर का आधार प्रमाणीकरण करने के बाद पेंशनर को अपना आधार नंबर, पीपीओ नंबर और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी।
इसके बाद मोबाइल के फ्रंट कैमरे से चेहरे की तस्वीर लेकर प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। आवेदन पूरा होने पर मिलने वाली यूनिक प्रमाण आईडी को सुरक्षित रखना होगा। यदि किसी पेंशनर को दो पेंशन मिलती हैं तो दूसरी पेंशन के लिए
‘Add New PPO’ विकल्प का इस्तेमाल करना होगा।
स्मार्टफोन नहीं तो इन विकल्पों से करें आवेदन
जिन पेंशनरों के पास स्मार्टफोन नहीं है, वे नजदीकी बैंक शाखा या जनसेवा केंद्र पर फिंगरप्रिंट अथवा आइरिस स्कैनर के माध्यम से जीवन प्रमाणपत्र बनवा सकते हैं। भारतीय डाक की डोरस्टेप सेवा के तहत डाक कर्मचारी को घर बुलाकर भी यह सुविधा ली जा सकती है। इसके अलावा संबंधित बैंक शाखा में निर्धारित फॉर्म भरकर जीवन प्रमाणपत्र जमा किया जा सकता है।
कोषागार आने वालों के लिए जरूरी निर्देश
जो पेंशनर व्यक्तिगत रूप से कोषागार कार्यालय में जीवन प्रमाणपत्र जमा करना चाहते हैं, उन्हें दोपहर तीन बजे तक पहुंचना होगा। साथ में बैंक पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड और एक पासपोर्ट साइज फोटो लानी होगी। जीवन प्रमाणपत्र फॉर्म पर अपनी नवीनतम रंगीन फोटो चस्पा करना भी अनिवार्य है।
मुख्य कोषाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि पेंशनर ने बैंक शाखा बदली है तो ऑनलाइन आवेदन में वही आईएफएससी कोड दर्ज करें, जो पेंशन जारी होने के समय कोषागार में उपलब्ध कराया गया था।