अयोध्या। डॉ. भीमराव आंबेडकर विद्यालय क्रीड़ा संस्थान में मंगलवार को जनपदीय विद्यालयी खो-खो प्रतियोगिता आयोजित हुई। महावीर प्रसाद लखन लाल आदर्श इंटर कॉलेज के संयोजन में हुई प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। यश विद्या मंदिर की टीम ने अंडर-14 बालिका और बालक वर्ग के साथ अंडर-17 बालक वर्ग में खिताब जीता। वहीं, अंडर-17 बालिका वर्ग में बापू बालिका इंटर कॉलेज और अंडर-19 बालक वर्ग में सुभाष इंटर कॉलेज सरैया की टीम विजेता रही।
अंडर-14 बालिका वर्ग के फाइनल में यश विद्या मंदिर ने कंपोजिट विद्यालय मजगांव को 9-5 से हराया। अंडर-14 बालक वर्ग में भी यश विद्या मंदिर ने कंपोजिट विद्यालय की टीम को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
अंडर-17 बालिका वर्ग के फाइनल में बापू बालिका इंटर कॉलेज ने आर्य कन्या इंटर कॉलेज को 10-2 से हराकर जीत दर्ज की। अंडर-17 बालक वर्ग में यश विद्या मंदिर ने राजकीय इंटर कॉलेज की टीम को हराकर खिताब जीता। अंडर-19 बालक वर्ग में सुभाष इंटर कॉलेज सरैया की टीम विजेता रही।
क्रीड़ा सचिव धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों में खेल भावना, अनुशासन और टीम के साथ खेलने की क्षमता विकसित करते हैं।