अमरोहा। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिले में 37 नए आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कराया जाएगा। शासन स्तर से इसके लिए धनराशि मंजूर कर दी गई है। विभाग की ओर से नवंबर में निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी की जा रही है। वर्तमान में जिले में 1430 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं।
नए केंद्र बनने से ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और अन्य जरूरी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी। इससे बच्चों और उनके अभिभावकों को राहत मिलने की उम्मीद है। एक आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण पर 11.84 लाख खर्च किए जाएंगे। आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं (स्तनपान कराने वाली माताएं) और 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी मुख्य सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। पोषाहार का भी वितरण किया जाता है। इसके अलावा 6 वर्ष तक के बच्चों को गर्म पका हुआ भोजन दिया जाता है।
गर्भवती व धात्री महिलाओं को भी हर महीने राशन मिलता है। स्कूल पूर्व शिक्षा 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए खेल-खेल में शुरुआती शिक्षा दी जाती है। केंद्रों पर टीकाकरण और स्वास्थ्य जांच भी की जाती है।
महिलाओं और बच्चों के लिए टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाते हैं और एएनएम व आशा कार्यकर्ताओं के सहयोग से स्वास्थ्य जांच होती है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ज्ञानप्रकाश तिवारी ने बताया कि 37 नए आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण वीजी-रामजी योजना में शुरु कराया जाएगा।
इसके लिए सीडीओ स्तर से अनुमति मिल गई है। प्रत्येक केंद्र पर 11.84 लाख रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। जल्द काम शुरु होगा। इससे छोटे बच्चों को काफी फायदा मिलेगा।