फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एमएलसी चुनाव: नवीन गल्ला मंडी में जमा होने लगीं मतपेटियां, 27 को खुलेगा प्रत्याशियों की किस्मत का पिटारा

Fri, 23 Oct 2026 06:17 PM IST
Dhirendra Singh अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा

खास बातें

आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए शुक्रवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हो गया है। करीब 2.30 लाख मतदाता प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:11 PM, 23-Oct-2026

जमा होने लगीं मतपेटियां

आगरा के यमुनापार स्थित नवीन गल्ला मंडी में खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतपेटियां जमा कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतपेटियों को निर्धारित केंद्र पर सुरक्षित जमा कराया जा रहा है। इसके लिए पीठासीन अधिकारियों और मतदान कार्मिकों की सक्रियता बढ़ गई है। मतपेटियों को जमा कराने के साथ ही चुनाव से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। मतपेटियों को सुरक्षित रखने और मतगणना की व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क है। अब सभी की निगाहें 27 अक्तूबर पर टिकी हैं। इसी दिन होने वाली मतगणना में प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला होगा। 

04:51 PM, 23-Oct-2026

किशनी में भिड़े भाजपा और सपा कार्यकर्ता

आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान के दाैरान किशनी में जमकर हंगामा हुआ। सपा विधायक मतदान स्थल पर ही धरने पर बैठ गए। एसडीएम के काफी समझाने पर ही वो माने।

विकासखंड किशनी स्थित सभागार में बनाए गए तीन बूथों पर सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम चार बजे तक चला। मतदान के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे। सुबह करीब दस बजे मतदान स्थल पर आने-जाने को लेकर भाजपा एजेंट और पुलिस के बीच नोकझोंक हो गई। मौके पर मौजूद भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष अनुराग पांडेय और पूर्व ब्लॉक प्रमुख राहुल राठौर ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। कुछ देर बाद स्थानीय सपा विधायक बृजेश कठेरिया भी अपने समर्थकों के साथ मतदान स्थल पर पहुंचे और नाराजगी जताई। उन्होंने मतदान स्थल पर लोगों के प्रवेश को लेकर आपत्ति व्यक्त की। इस पर मौके पर मौजूद एसडीएम नवनीता राय ने उन्हें समझाते हुए कहा कि मतदान स्थल पर किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने किसी शिकायत की स्थिति में प्रशासन को सूचना देने की बात कही। इसके बाद विधायक वहां से चले गए। दोपहर करीब तीन बजे मतदान केंद्र पर उस समय फिर तनाव की स्थिति बन गई, जब समाजवादी पार्टी के चेयरमैन प्रतिनिधि डैनी यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने उनके व सपा नगर अध्यक्ष मुकुल यादव के साथ अभद्रता करते हुए हाथापाई कर दी। आरोप की खबर फैलते ही सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ विकास खंड परिसर में जुटने लगी। स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक गगन गौड़ ने मुख्य द्वार बंद करा दिया। इस बीच विधायक बृजेश कठेरिया, सपा नेत्री सुमन दिवाकर, पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि इंजी. रामपाल यादव और मनोज यादव सहित कई लोग जमीन पर धरने पर बैठ गए। उनका आरोप था कि भाजपा के कुछ लोग खंड विकास अधिकारी के कार्यालय में बैठे हुए हैं। मौके पर पहुंचीं एसडीएम नवनीता राय ने विधायक और अन्य लोगों को समझाया तथा आश्वस्त किया कि खंड विकास अधिकारी के कार्यालय में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं है। करीब आधे घंटे तक चले घटनाक्रम के दौरान सपा कार्यकर्ता सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। थाना प्रभारी ने तत्काल जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को स्थिति से अवगत कराया। सूचना मिलने के बाद 3.40 बजे दोनों अधिकारी दोबारा विकास खंड किशनी पहुंचे।डीएम-एसपी ने मामले की जानकारी ली।

">http://

02:42 PM, 23-Oct-2026

सपा प्रत्याशी ने लगाया मतदान में गड़बड़ी का आरोप

उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में आगरा शिक्षक खंड से सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने मतदान में गड़बड़ी का आरोप लगाया। कहा कि उनके समर्थकों को परेशान किया जा रहा है। मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी की गई है। प्रत्याशी ने कहा कि खेरागढ़ में पीठासीन अधिकारी द्वारा जब खाना खाया गया तो सभी को बाहर निकाल दिया गया। उन्होंने छाता बूथ भी लूटने का आरोप लगाया। अधिकारियों पर कार्यकर्ताओं से अभद्रता और परेशान करने का आरोप लगाया। कहा कि ऐसा लग रहा है कि मैं पाकिस्तान से आया कोई आतंकवादी हूं। इस दाैरान सपा प्रत्याशी फूट-फूटकर रोने लगे। उन्होंने कहा कि वह लखनऊ की शाही ईदगाह में जाकर धर्म परिवर्तन कर लेंगे।

">http://
 

विज्ञापन
01:58 PM, 23-Oct-2026

मैनपुरी में फर्जी वोटिंग की सूचना पर पहुंचे सपा के पूर्व विधायक, मतदान केंद्र पर पुलिस से नोकझोंक

मैनपुरी के देवी रोड स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के बूथ पर शुक्रवार को फर्जी मतदान की सूचना पर सपा के पूर्व विधायक राजकुमार यादव कार्यकर्ताओं के साथ पहुंच गए। उन्होंने मतदान परिसर में लाइन में खड़े कुछ मतदाताओं को पुलिस की मदद से बाहर बुलाकर उनके पहचान पत्र जांचे। इस दौरान कुछ मतदाता पहचान पत्र नहीं दिखा सके। इसके बाद उन्हें मतदान केंद्र से बाहर कर दिया गया। पूर्व विधायक ने पुलिस पर बिना पहचान पत्र जांचे लोगों को मतदान केंद्र में प्रवेश देने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा के पदाधिकारियों पर भी फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी। सपा पदाधिकारियों के पहुंचने की सूचना पर भाजपा के नेता भी मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से काफी देर तक गहमागहमी का माहौल रहा। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने दोनों दलों के पदाधिकारियों को मतदान केंद्र से दूर किया। इस दौरान भाजपा के एक पदाधिकारी ने सीओ सिटी अशोक कुमार पर विपक्षी दल के कार्यकर्ताओं का साथ देने का आरोप लगाया। वीडियो में भाजपा पदाधिकारी सीओ सिटी से अपनी मानसिकता बदलने की बात कहते नजर आ रहे हैं। उन्होंने सीओ की वर्दी पर नेम प्लेट न होने को लेकर भी सवाल उठाए। सीओ सिटी ने भाजपा नेता को समझा-बुझाकर मतदान केंद्र से रवाना किया।

">http://

 

01:09 PM, 23-Oct-2026

फिरोजाबाद में दोपहर 12 बजे तक हुआ इतना मतदान 

आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के तहत जनपद फिरोजाबाद में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। जिला प्रशासन द्वारा जारी दोपहर 12 बजे तक के मतदान प्रतिशत के ताजा आंकड़ों के अनुसार मतदाताओं में उत्साह बढ़ता दिखाई दे रहा है।

दोपहर 12 बजे तक के आंकड़े 
आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन:
-कुल मतदाता: 3075
- सुबह 10:00 बजे तक: 297 मत (9.66%)
- दोपहर 12:00 बजे तक: 888 मत (28.88%)

आगरा खंड स्नातक निर्वाचन:
- कुल मतदाता: 15,399
-  सुबह 10:00 बजे तक: 1,024 मत (6.65%)
- दोपहर 12:00 बजे तक: 2,762 मत (17.94%)

विधानसभा क्षेत्रवार दोपहर 12 बजे तक का मतदान 
- शिकोहाबाद व सिरसागंज में दिखा अधिक उत्साह:
- शिक्षक निर्वाचन: सिरसागंज के मतदेय स्थल (अरांव क०नं० 2) में दोपहर 12 बजे तक सबसे अधिक 41.67% मतदान हुआ। वहीं शिकोहाबाद क्षेत्र में नगर पालिका परिषद क०नं० 1 पर 39.77% पोलिंग दर्ज की गई।
- स्नातक निर्वाचन: क्षेत्र पंचायत कार्यालय अरांव क०नं० 1 में रिकॉर्ड 44.47% मतदान दर्ज किया गया।

विज्ञापन
12:12 PM, 23-Oct-2026

सपा और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने, पुलिस ने बल प्रयोग कर खदेड़े; जमकर हुआ हंगामा  

आगरा के फतेहाबाद में सपा एजेंट ने भाजपाइयों पर मारपीट का आरोप लगाया है। इस घटना के बाद सपा और भाजपाई आमने-सामने आ गए और जमकर गाली-गलौज हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बल प्रयोग कर दोनों पक्षों को खदेड़ा। इस दौरान सपाइयों ने पुलिस मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।


 

10:54 AM, 23-Oct-2026
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बेटे संग किया मतदान - फोटो : अमर उजाला

उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बेटे संग किया मतदान, भाजपा प्रत्याशियों की जीत का दावा

आगरा में एमएलसी चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने अपने बेटे आलौकिक उपाध्याय के साथ राजकीय इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपना वोट डाला। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के दोनों प्रत्याशियों की जीत का दावा करते हुए कहा कि भाजपा के दोनों प्रत्याशियों की जीत पक्की है।

10:46 AM, 23-Oct-2026

बूथ के पास रोकने पर भड़के भाजपा कार्यकर्ता, पुलिस से नोकझोंक

मैनपुरी(किशनी)। मतदान केंद्र के पास भाजपा एजेंट विक्रांत चौहान को बाहर जाने के दौरान वहां तैनात इंस्पेक्टर श्रीकृष्ण सिंह ने टोका तो भाजपा कार्यकर्ता भड़क गए। इसको लेकर पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नोकझोंक हुई। सूचना मिलने पर भाजपा के ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष अनुराग पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान और पूर्व ब्लॉक प्रमुख राहुल राठौर मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझाकर मामला शांत कराया। थाना प्रभारी गगन गौड़ ने भी स्थिति संभालने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मतदान शांतिपूर्वक संपन्न कराया जाएगा।

10:36 AM, 23-Oct-2026

डीएम और एसएसपी ने किया बूथों का औचक निरीक्षण

उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत आज हो रहे आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए मतदान प्रक्रिया फिरोजाबाद में सुबह 8 बजे से सुचारू रूप से जारी है। जिला प्रशासन से प्राप्त सुबह 10 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। स्नातक निर्वाचन के कुल 15,399 मतदाताओं में से 1,024 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे सुबह 10 बजे तक कुल मतदान 6.65 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं, शिक्षक निर्वाचन के कुल 3,075 मतदाताओं में से 297 शिक्षकों ने मतदान किया, जिसका कुल प्रतिशत 9.66% रहा।


चुनाव को पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत डीएम संतोष कुमार शर्मा और एसएसपी आदित्य लांग्हे ने संयुक्त रूप से क्षेत्र का दौरा किया। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने ब्लॉक एका स्थित बूथ संख्या 56, 57 (स्नातक) और बूथ संख्या 32 (शिक्षक) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा प्रबंधों, मतदाताओं के लिए की गई सुविधाओं और चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही, मतदान केंद्र पर उपस्थित मतदाताओं से भी बातचीत की गई। इस दौरान बूथ संख्या 56 (स्नातक) में कुल 725, बूथ संख्या 57 (स्नातक) में कुल 716 और बूथ संख्या 32 (शिक्षक) में कुल 207 मतदाता पंजीकृत हैं। डीएम ने स्पष्ट किया कि जिला और पुलिस प्रशासन स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

10:19 AM, 23-Oct-2026

फतेहपुर सीकरी में एमएलसी चुनाव की वोटिंग धीमी

आगरा। खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक चुनाव के लिए फतेहपुर सीकरी में 10:00 बजे तक वोटिंग की गति धीमी रही है। बता दें खंड स्नातक केंद्र पर 599 से 80 वोट 10:00 बजे तक पढ़ चुके हैं, वहीं 319 में से 22 वोट ही खंड शिक्षक सीट के लिए डाले गए हैं। राजनीतिक पार्टियों के बस्तों पर भी मतदाता नहीं दिखाई दे रहे हैं। कार्यकर्ता जमे हुए हैं।

10:02 AM, 23-Oct-2026
एत्मादपुर - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

एत्मादपुर में एमएलसी चुनाव के लिए मतदान जारी, अधिकारियों ने लिया जायजा

एत्मादपुर में उत्तर प्रदेश विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया जारी है। विकास खंड कार्यालय पर मतदान के दौरान मतदाताओं की कतारें देखी गईं। इस बीच, भाजपा कार्यालय पर विधायक कार्यकर्ताओं से जानकारी लेते हुए पहुंचे। वहीं, एसडीएम और एसीपी ने मतदान केंद्र पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।



 

09:58 AM, 23-Oct-2026
मैनपुरी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

मैनपुरी में एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू, 25 केंद्रों पर 14 हजार से अधिक मतदाता करेंगे मतदान

मैनपुरी। विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक खंड की मतदान प्रक्रिया सुबह 8:00 से शुरू हो गई है जिले में इसके लिए 25 मतदान स्थल बनाए गए हैं जहां पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात है प्रशासनिक अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। जिलाधिकारी डॉक्टर इंद्रमणि त्रिपाठी और एसपी गणेश प्रसाद साहा ने देवी रोड स्थित प्राथमिक विद्यालय के बूथ पर निरीक्षण किया इस दौरान उन्होंने कोई भी लापरवाही न बरतने ने के कड़े निर्देश जारी किए। जिले के 14000 से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए घर से निकल रहे हैं और लगातार मतदान प्रक्रिया सुचारू है।

 

09:30 AM, 23-Oct-2026
मतदाता - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

सरस्वती विद्या मंदिर में धीमी गति से चल रहा मतदान, अब तक सौ का आंकड़ा पार नहीं

आगरा के कमला नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में उत्तर प्रदेश विधान परिषद खंड स्नातक/शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन के लिए मतदान केंद्र पर मतदाताओं की संख्या लगभग 700 है। हालांकि, मतदान प्रतिशत की गति धीमी बनी हुई है। मतदाता दो-तीन के समूह में मतदान केंद्र पर पहुंच रहे हैं, लेकिन अभी तक सौ मतदाताओं का आंकड़ा भी पार नहीं हुआ है।

09:28 AM, 23-Oct-2026
कमलानगर आगरा - फोटो : अमर उजाला

कमला नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग

कमला नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में उत्तर प्रदेश विधान परिषद खंड स्नातक/शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन के लिए मतदान केंद्र बनाया गया है। इस केंद्र पर मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया।

09:25 AM, 23-Oct-2026
निर्दलीय प्रत्याशी अम्बरीश पाल सिंह ने पत्नी संग किया मतदान - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

निर्दलीय प्रत्याशी अम्बरीश पाल सिंह ने पत्नी संग किया मतदान

आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी अम्बरीश पाल सिंह ने अपनी पत्नी अपराजिता सिंह के साथ ब्लॉक बिचपुरी परिसर में स्थित स्नातक बूथ संख्या 32 अ पर अपना मतदान किया।

08:42 AM, 23-Oct-2026

एमएलसी चुनाव: नवीन गल्ला मंडी में जमा होने लगीं मतपेटियां, 27 को खुलेगा प्रत्याशियों की किस्मत का पिटारा

आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए शुक्रवार सुबह सख्त सुरक्षा पहरे के बीच मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

बता दें नवीन मंडी समिति से पोलिंग पार्टियों को बृहस्पतिवार को सामग्री देकर रवाना किया गया था। आयुक्त एवं रिटर्निंग ऑफिसर नगेंद्र प्रताप, जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल तथा अपर पुलिस आयुक्त सचिंद्र पटेल ने मंडी परिसर पहुंचकर पोलिंग पार्टियों की रवानगी, स्ट्राँग रूम, सुरक्षा प्रबंधों और 27 अक्तूबर को होने वाली मतगणना की तैयारियों का जायजा लिया।

अफसरों ने भारत निर्वाचन आयोग के मानकों और प्रोटोकॉल के अनुसार पूरी प्रक्रिया पारदर्शी व निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें