फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी: भारतीय पुरुष हॉकी टीम की दमदार शुरुआत, बांग्लादेश को दी करारी शिकस्त; मनदीप की हैट्रिक

Tue, 27 Oct 2026 10:32 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, जालंधर

सार

  • भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की धमाकेदार शुरुआत की है।
  • भारत ने पहले ही मैच में बांग्लादेश को 13-0 से करारी शिकस्त दी है।
  • इस मैच में भारत के लिए मनदीप सिंह ने हैट्रिक गोल दागे। 
विज्ञापन
भारतीय पुरुष हॉकी टीम - फोटो : Hockey India
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पांच बार के चैंपियन भारत ने मनदीप सिंह की शानदार हैट्रिक की मदद से मंगलवार को एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) हॉकी टूर्नामेंट में अपने अभियान का प्रभावशाली आगाज करते हुए एकतरफा मुकाबले में बांग्लादेश को 13-0 से करारी शिकस्त दी। मनदीप ने तीसरे, 10वें और 54वें मिनट में गोल दागे। कप्तान हरमनप्रीत सिंह (दूसरे, 44वें मिनट), दिलप्रीत सिंह (43वें, 44वें मिनट) और उपकप्तान हार्दिक सिंह (60वें मिनट में दो गोल) ने दो-दो गोल किए। 
विज्ञापन
Trending Videos

शुरुआत से बनाए रखा दबदबा 
शिलानंद लाकड़ा (15वें), अभिषेक (18वें), नीलकांत शर्मा (26वें) और जुगराज सिंह (46वें मिनट) ने भी गोल कर भारत की बड़ी जीत में योगदान दिया। ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गत चैंपियन भारतीय टीम ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। खेल ज्यादातर बांग्लादेश के हाफ में हुआ और भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार आक्रमण करते हुए गोलों की झड़ी लगा दी। 

भारत ने दूसरे ही मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, जिसे कप्तान हरमनप्रीत ने शानदार लो फ्लिक के जरिए गोल में बदल दिया। अगले ही मिनट हरमनप्रीत के मिडफील्ड से दिए गए बेहतरीन पास पर मनदीप ने जोरदार शॉट लगाकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। दसवें मिनट में हरमनप्रीत के लंबे पास को अभिषेक ने सर्किल के भीतर हासिल किया और गेंद मनदीप तक पहुंचाई, जिन्होंने इसे गोल में डाल दिया। पहले क्वार्टर के अंतिम क्षणों में शिलानंद ने सुखजीत सिंह के साथ बेहतरीन तालमेल बनाते हुए स्कोर 4-0 कर दिया। 

मैदान में घुस आया कुत्ता 
दूसरे क्वार्टर की शुरुआत से पहले मैदान में अचानक एक आवारा कुत्ता घुस आया और टर्फ पर गंदगी कर दी, जिसके कारण खेल शुरू होने में थोड़ी देरी हुई। इसके बाद भी भारतीय आक्रमण जारी रहा। मैच के 18वें मिनट में मनदीप के शानदार वन-टच पास पर अभिषेक ने गोल किया और फिर 26वें मिनट में नीलकांत शर्मा ने सुखजीत और अभिषेक से मिले पास के बाद सर्किल के शीर्ष से शानदार टोमहॉक शॉट लगाकर भारत को मध्यांतर तक 6-0 की बढ़त दिला दी। तीसरे क्वार्टर में दिलप्रीत सिंह ने एक मिनट के भीतर दो गोल दागे। उन्होंने पहले हरमनप्रीत के फ्लिक पर गोलकीपर के बचाव के बाद मिले रिबाउंड को गोल में बदला और फिर शानदार टोमहॉक शॉट से अपना दूसरा गोल किया। 
विज्ञापन

अंत तक भारत ने बनाए रखा दबदबा 
इसके तुरंत बाद हरमनप्रीत ने भारत के पांचवें पेनाल्टी कॉर्नर पर अपना दूसरा गोल दाग दिया। अंतिम क्वार्टर की शुरुआत में जुगराज सिंह ने भारत के सातवें पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 10-0 कर दिया। इसके बाद मनदीप ने आदित्य ललागे के पास पर डाइव लगाते हुए गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर अपनी हैट्रिक पूरी की। आखिरी मिनट में हार्दिक सिंह ने लगातार मिले दो पेनाल्टी कॉर्नर में से दूसरे पर रिबाउंड से गोल किया और फिर कुछ ही सेकंड बाद मैदानी गोल दागकर भारत की जीत का अंतर 13-0 कर दिया। भारत का अगला मुकाबला गुरुवार को चीन से होगा, जबकि बांग्लादेश की टीम मलयेशिया से भिड़ेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें