संवाद न्यूज एजेंसी
अबोहर। शहर में विकास कार्यों और सरकारी ग्रांट को लेकर विधायक संदीप जाखड़ और आम आदमी पार्टी के नेता अरुण नारंग के बीच तीखी बहस छिड़ गई है। जाखड़ ने आप सरकार पर अबोहर के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त ग्रांट न मिलने से कई विकास कार्य रुके हुए हैं।
जाखड़ ने सरकार से तुरंत पर्याप्त राशि जारी करने की मांग की। वहीं, अरुण नारंग ने जाखड़ के आरोपों को भ्रमित प्रचार बताया। नारंग ने कहा कि आप सरकार अबोहर के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने अमृत योजना के तहत मिली राशि का जिक्र किया। नारंग ने अमृत योजना-2 के तहत जलापूर्ति के लिए जारी करीब सात करोड़ रुपये का भी हवाला दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में पेयजल व्यवस्था को और बेहतर किया जाएगा। नारंग ने विधायक जाखड़ से शहर की सीवरेज व्यवस्था पर भी सवाल किए। इस बीच आप की हलका इंचार्ज सुहानी डोडा ने वार्ड 18 और 42 में कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने लोगों से मुलाकात की। डोडा ने कहा कि शहर का विकास उनकी प्राथमिकता है। लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना भी उनकी प्राथमिकता में शामिल है।