फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हैवान: इन छह फिल्मों में साथ नजर आ चुके हैं अक्षय कुमार और सैफ अली खान, कुछ रहीं सुपरहिट तो कुछ हुईं फ्लॉप

Fri, 11 Sep 2026 04:56 PM IST
सिराजुद्दीन एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला

सार

Haiwaan: अक्षय कुमार और सैफ अली खान ने 'हैवान' से पहले छह फिल्मों में एक-साथ काम किया है। उनकी कुछ फिल्में खूब चलीं जबकि कुछ फिल्में फ्लॉप रहीं। आइए इस खबर में जानते हैं कि किस फिल्म में दोनों की जोड़ी को सबसे ज्यादा पसंद किया गया।
 
विज्ञापन
1 of 8
अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्में - फोटो : अमर उजाला
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार और सैफ अली खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आ रहे हैं। दोनों की फिल्म 'हैवान' आज 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। खास बात ये है कि इस फिल्म के जरिए अक्षय और सैफ लगभग 18 साल बाद एक साथ स्क्रीन शेयर कर रहे हैं। बता दें कि 'हैवान' से पहले दोनों अभिनेता ने कुल छह फिल्मों में एक-साथ काम किया था। इन फिल्मों में कभी दोनों भाई बने, तो कभी पुलिस और अपराधी के किरदार में नजर आए। अक्षय और सैफ की जोड़ी ने बॉलीवुड को दो बड़ी हिट फिल्में भी दीं, जबकि उनकी कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा सकीं। चलिए जानते हैं अक्षय कुमार और सैफ अली खान की उन छह फिल्मों की कहानी और बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट।

Haiwaan Review: अक्षय बने खूंखार साइको किलर, सैफ ने जीता दिल; प्रियदर्शन की इस फिल्म पर पैसे लगाएं या बचाएं?
विज्ञापन

2 of 8
ये दिल्लगी - फोटो : सोशल मीडिया
ये दिल्लगी (1994)
अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी पहली बार फिल्म 'ये दिल्लगी' में साथ नजर आई थी। इस मूवी में दोनों अभिनेता भाइयों के किरदार में नजर आए थे। वहीं, काजोल ने फिल्म में मुख्य अभिनेत्री की भूमिका निभाई थी। फिल्म की कहानी विजय और विक्की नाम के दो भाइयों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो भानु प्रताप सहगल के बेटे होते हैं। वहीं, सपना (काजोल) सहगल परिवार के वफादार ड्राइवर धर्मपाल की बेटी है। सपना को अमीरों की लाइफस्टाइल पसंद है और वह खुद अमीर बनना चाहती है। विक्की मजाक-मजाक में सपना की हैसियत का अहसास कराता है और उसका अपमान कर देता है, जिससे आहत होकर सपना अपना घर और शहर छोड़ देती है।

कुछ वर्षों बाद सपना अपनी मेहनत और काबिलियत से एक कामयाब और टॉप मॉडल बनकर लौटती है। उसे देखने के बाद विक्की उसके प्यार में पूरी तरह पागल हो जाता है और उसे पाना चाहता है। हालात तब उलझ जाते हैं, जब बड़े भाई विजय को भी सपना की सादगी से प्यार हो जाता है। सपना के मन में भी विजय के लिए भावनाएं जागने लगती हैं। आखिर में फिल्म में एक तरफ भाईचारा और तो दूसरी तरफ प्यार देखने को मिलता है, जिसके बीच रिश्तों में तनाव पैदा हो जाता है।

'ये दिल्लगी' का क्या हुआ था बॉक्स ऑफिस पर हाल?
  • फिल्म ये दिल्लगी का बजट लगभग 2 करोड़ रुपये था।
  • सैकनिल्क के अनुसार, 'ये दिल्लगी' ने उस समय वर्ल्डवाइड 10.70 करोड़ रुपये कमाए थे।
  • अक्षय कुमार और सैफ अली खान की यह मूवी उस साल की हिट फिल्मों में से एक थी।
विज्ञापन

3 of 8
मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी - फोटो : सोशल मीडिया
मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी (1994)
'ये दिल्लगी' के बाद उसी साल 1994 में अक्षय कुमार और सैफ अली खान की दूसरी फिल्म 'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी' रिलीज हुई। इस फिल्म में अक्षय कुमार ने पुलिस अधिकारी का किरदार निभाया था, जबकि सैफ एक फिल्म अभिनेता बने थे। कहानी एक ईमानदार पुलिस अफसर और एक अभिनेता की है, जो परिस्थितियों के चलते एक अपराध के मामले में उलझ जाते हैं। फिल्म में दोनों के बीच दोस्ती, एक्शन और कॉमेडी का शानदार मेल देखने को मिला। अक्षय और सैफ की जोड़ी दर्शकों को इतनी पसंद आई कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। फिल्म के गाने 'चुरा के दिल मेरा' और 'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी' आज भी फेमस है।

'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी' का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
  • अक्षय कुमार और सैफ की इस फिल्म का बजट सैकनिल्क के अनुसार लगभग 3.20 करोड़ रुपये था।
  • मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी' की कमाई वर्ल्डवाइड 13.84 करोड़ रुपये हुई थी और यह मूवी सुपरहिट साबित हुई थी।

4 of 8
तू चोर मैं सिपाही - फोटो : सोशल मीडिया
तू चोर मैं सिपाही (1996)
दो साल बाद अक्षय कुमार और सैफ अली खान एक बार फिर फिल्म 'तू चोर मैं सिपाही' में साथ में नजर आए। इस मूवी में उनके साथ तब्बू और प्रतिभा सिन्हा समेत कई सितारे नजर आए। फिल्म का निर्देशन गुड्डू धनोआ ने किया था और इसे रूमी जाफरी और रॉबिन हेनरी ने लिखा था। इस फिल्म की कहानी एक पुलिस अधिकारी और एक चोर के इर्द-गिर्द घूमती है। दोनों किरदारों के बीच लगातार टकराव होता है। मगर परिस्थितियां उन्हें एक-दूसरे का साथ देने पर मजबूर करती हैं। फिल्म में एक्शन और ड्रामा के साथ दोनों अभिनेताओं की कॉमिक टाइमिंग भी देखने को मिली। हालांकि, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपनी छाप नहीं छोड़ पाई।

'तू चोर मैं सिपाही' की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट
  • रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म का बजट 4.25 करोड़ रुपये था।
  • वहीं, इसने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 10.78 करोड़ रुपये की कमाई की थी और एवरेज रही।
विज्ञापन

5 of 8
कीमत - फोटो : सोशल मीडिया
कीमत- दे आर बैक (1998)
अक्षय कुमार और सैफ अली खान की चौथी फिल्म 'कीमत-दे आर बैक' साल 1998 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में दोनों अभिनेताओं के साथ रवीना टंडन और सोनाली बेंद्रे भी मुख्य भूमिका में थीं। फिल्म की कहानी में अक्षय कुमार (देव) और सैफ अली खान (अजय) ने दो ऐसे दोस्तों और छोटे-मोटे बदमाशों की भूमिका निभाई थी, जो अपनी मस्ती में रहते हैं। कहानी तब मोड़ लेती है, जब ये दोनों अनजाने में एक निर्दोष और सीधे-साधे लड़के मोहन की हत्या या उसकी मौत के जिम्मेदार बन जाते हैं। 

'कीमत-दे आर बैक' का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
  • फिल्म के बिजनेस की बात करें, तो यह बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सकी। 
  • रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म का बजट 4.75 करोड़ रुपये था।
  • यह 8 करोड़ के आसपास ही कमा पाई थी।
विज्ञापन

6 of 8
आरजू - फोटो : सोशल मीडिया
आरजू (1999)
साल 1999 में अक्षय कुमार और सैफ अली खान फिल्म 'आरजू' में साथ दिखाई दिए। हालांकि यह फिल्म दोनों की पिछली फिल्मों से काफी अलग थी। फिल्म में माधुरी दीक्षित मुख्य भूमिका में थीं और कहानी एक लव ट्रायंगल पर आधारित थी। अक्षय कुमार और सैफ अली खान दोनों ही माधुरी के किरदार से जुड़े हुए थे। मूवी की कहानी में प्यार, त्याग और रिश्तों के बीच पैदा होने वाले संघर्ष देखने को मिला था। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई। 

'आरजू' का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
  • फिल्म 'आरजू' का बजट लगभग 8 करोड़ रुपये था।
  • सैकनिल्क के अनुसार, इसने बॉक्स ऑफिस पर दुनियाभर में 11.77 करोड़ रुपये कमाए थे और यह फ्लॉप साबित हुई थी।
विज्ञापन

7 of 8
टशन - फोटो : सोशल मीडिया
टशन (2008)
अक्षय कुमार और सैफ अली खान की साथ में आखिरी फिल्म 'टशन' थी, जो साल 2008 में रिलीज हुई। इस फिल्म के बाद दोनों लगभग 18 साल तक बड़े पर्दे पर साथ नजर नहीं आए। 'टशन' की कहानी एक खतरनाक गैंगस्टर भाईजी, एक खूबसूरत लड़की पूजा और दो अलग-अलग दुनिया से आए पुरुषों के इर्द-गिर्द घूमती है। अक्षय कुमार ने फिल्म में बच्चन पांडे नाम के किरदार की भूमिका निभाई थी, जबकि सैफ अली खान ने जीत नाम के एक स्टाइलिश और पढ़े-लिखे व्यक्ति का किरदार निभाया था। करीना कपूर भी फिल्म का अहम हिस्सा थीं। फिल्म में एक्शन, स्टाइल और बदले की कहानी को बड़े पैमाने पर पेश किया गया था।
हालांकि, फिल्म की स्टारकास्ट काफी मजबूत थी और इसे लेकर दर्शकों में उत्साह भी था, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई। फिर भी 'टशन' से जुड़ी एक खास बात यह है कि इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान सैफ अली खान और करीना कपूर की प्रेम कहानी शुरू हुई थी।

बॉक्स ऑफिस पर नहीं चला था 'टशन' का जादू
  • 'टशन' का बजट लगभग 31 करोड़ रुपये था।
  • सैकनिल्क के अनुसार, इसने बॉक्स ऑफिस पर दुनियाभर में 51.60 करोड़ रुपये कमाए थे और यह फ्लॉप साबित हुई।
विज्ञापन

8 of 8
हैवान फिल्म रिव्यू - फोटो : अमर उजाला
'हैवान' में बदली अक्षय-सैफ की जोड़ी
अब 18 साल बाद अक्षय और सैफ 'हैवान' में साथ दिखाई दे रहे हैं। इस बार दोनों की जोड़ी पहले जैसी नहीं है। फिल्म में सैफ मुख्य भूमिका में हैं, जबकि अक्षय एक खतरनाक और नेगेटिव किरदार निभा रहे हैं। निर्देशक प्रियदर्शन की यह फिल्म दोनों कलाकारों के लिए एक अलग तरह का रीयूनियन है। इससे पहले उनकी जोड़ी ने कॉमेडी, एक्शन और रोमांटिक फिल्मों में दर्शकों का मनोरंजन किया था, लेकिन 'हैवान' में दोनों आमने-सामने नजर आ रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें