दीपोत्सव, छठ पूजा सहित आगामी त्योहारों के दौरान रेल यात्रियों की बढ़ती संख्या एवं अतिरिक्त यात्री दबाव को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा पश्चिम रेलवे के रतलाम रेल मंडल से होकर उदयपुर सिटी–दिल्ली सराय रोहिल्ला के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 21 अक्टूबर 2026 से चलाई जाएगी। यह ट्रेन रतलाम रेल मंडल के चंदेरिया सहित विभिन्न स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन के संचालन से त्योहारों के दौरान यात्रियों को आवागमन करने के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी और आवगामन में परेशानी नहीं होगी।
रतलाम रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि ट्रेन संख्या 09617 उदयपुर सिटी–दिल्ली सराय रोहिल्ला साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 21 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को चलाई जाएगी। यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार को उदयपुर सिटी से रात 21:15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन गुरुवार को सुबह 11,15 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशन पहुंचेगी। इस ट्रेन का रतलाम रेल मंडल के चंदेरिया स्टेशन पर प्रत्येक बुधवार रात 23.43/23.45 आगमन व प्रस्थान होगा। इसी प्रकार वापसी में ट्रेन संख्या 09618 दिल्ली सराय रोहिल्ला–उदयपुर सिटी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 22 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को चलाई जाएगी। यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को दिल्ली सराय रोहिल्ला से दोपहर 13:45 बजे प्रस्थान कर अगल दिन सुबह 04.00 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। इस ट्रेन का रतलाम रेल मंडल के चंदेरिया स्टेशन पर शुक्रवार रात 01.00/01.02 आगमन व प्रस्थान होगा।
ये भी पढ़ें-
मुख्यमंत्री से ताई ने की मुलाकात मजाकिया लहजे में कहा- नौकरी मांगने आई थी
इन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में मावली, चंदेरिया, भीलवाड़ा, बिजयनगर, अजमेर, किशनगढ़, फुलेरा, रींगस, नीम का थाना, नारनौल, अटेली, रेवाड़ी, गुडगांव और दिल्ली कैंट स्टेशनों पर ठहरेगी। इस ट्रेन में एसी 2- टियर, एसी 3- टियर, एसी इकोनॉमी, स्लीपर क्लास, जनरल सेकेंड क्लास कोच होंगे। त्योहारों के दौरान इस ट्रेन के संचालन से राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली व इनके आसपास के राज्यों के हजारों यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। यात्रिगण यात्रा से पहले ट्रेनों के ठहराव, समय एवं ट्रेनों की वास्तविक स्थिति की जानकारी भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in पर अवश्य देखें। साथ ही, RailOne ऐप के माध्यम से भी ट्रेनों से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।