फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Duleep Trophy Final Highlights: चौथे दिन का खेल समाप्त, ईस्ट जोन ने हासिल की 584 रन की बढ़त; ईशान शतक से चूके

Wed, 09 Sep 2026 05:11 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई

खास बातें

ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी फाइनल के चौथे दिन विशाल बढ़त हासिल कर ली है और साउथ जोन पर शिकंजा कस लिया है। ईस्ट जोन अब पांचवें और आखिरी दिन मैच अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी। मैच ड्रॉ रहने की स्थिति में ईस्ट जोन पहली पारी में बढ़त के आधार पर विजेता बन सकती है।
विज्ञापन
ईशान किशन - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:10 PM, 09-Sep-2026

East Zone vs South Zone Live: चौथे दिन का खेल समाप्त

ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच दलीप ट्रॉफी फाइनल के चौथे दिन का खेल समाप्त हो गया है। ईस्ट जोन ने अब तक 584 रनों की बढ़त हासिल कर ली है और मैच पर शिकंजा कस लिया है। स्टंप्स तक ईस्ट जोन ने दूसरी पारी में पांच विकेट पर 212 रन बनाए हैं। कुमार कुशाग्र 34 और मोहम्मद कौनेन कुरैशी 26 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। इससे पहले, ईस्ट जोन के 708 रन के जवाब में साउथ जोन की पहली पारी 336 रन पर ऑलआउट हुई थी।

इस तरह ईस्ट जोन को पहली पारी में 372 रनों की बड़ी बढ़त मिली। ईस्ट जोन ने दूसरी पारी में भी अच्छी बल्लेबाजी की। टीम के लिए कप्तान ईशान किशन और शिखर मोहन ने अर्धशतक जड़े। ईशान शतक लगाने के करीब थे, लेकिन 80 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, शिखर ने 52 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी 8, अभिमन्यु ईश्वरन 3 और सुदीप कुमार घरामी 2 रन ही बना सके। साउथ जोन के लिए मोहम्मद सिराज, त्रिपुराणा विजय, एमडी नीधीश और शेख रशीद को अब तक एक-एक विकेट मिला है। 

04:34 PM, 09-Sep-2026

East Zone vs South Zone Live: ईस्ट जोन को पांचवां झटका

ईस्ट जोन ने दूसरी पारी में पांच विकेट गंवा दिए हैं। सुदीप कुमार घरामी के रूप में ईस्ट जोन को पांचवां झटका लगा है। सुदीप रन आउट होकर पवेलियन लौटे। उन्होंने दो रन बनाए। 

04:25 PM, 09-Sep-2026

East Zone vs South Zone Live: ईशान शतक से चूके

दूसरी पारी में ईस्ट जोन ने चार विकेट पर 160 रन बना लिए हैं। फिलहाल सुदीप कुमार घरामी दो रन और कुमार कुशाग्र 12 रन बनाकर क्रीज पर हैं। साउथ जोन को फॉलोऑन न खिलाते हुए खुद बल्लेबाजी के लिए उतरी ईस्ट जोन की टीम के लिए वैभव सूर्यवंशी ने आठ रन बनाए, जबकि अभिमन्यु ईश्वरन तीन रन बनाकर आउट हुए। शिखर मोहन 52 रन बना सके। वहीं, कप्तान ईशान किशन ने 98 गेंद में नौ चौके और तीन छक्के की मदद से 80 रन की पारी खेली। ईस्ट जोन की कुल बढ़त 530 से ज्यादा रन की हो चुकी है।

विज्ञापन
03:18 PM, 09-Sep-2026

East Zone vs South Zone Live: ईशान किशन का अर्धशतक

ईशान किशन ने दलीप ट्रॉफी के फाइनल में लगातार दूसरी पारी में 50 से ज्यादा का स्कोर बनाया। वह 75 गेंद में 73 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। उनके साथ शिखर मोहन क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 110 रन की साझेदारी हो चुकी है। ईस्ट जोन की बढ़त 495 रन की हो चुकी है।

01:29 PM, 09-Sep-2026

East Zone vs South Zone Live: ईस्ट जोन की दूसरी पारी

ईस्ट जोन ने साउथ जोन को फॉलोऑन न खिलाते हुए खुद दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने का फैसला किया। ईस्ट जोन की टीम ने 13 रन पर अपने दोनों ओपनर्स के विकेट भी गंवा दिए। अभिमन्यु ईश्वरन तीन रन और वैभव सूर्यवंशी आठ रन बनाकर आउट हुए। ईश्वरन को सिराज ने और वैभव को त्रिपुराणा विजय ने पवेलियन भेजा। फिलहाल कप्तान ईशान किशन और शिखर मोहन क्रीज पर हैं। पहली पारी के आधार पर ईस्ट जोन को 372 रन की बढ़त हासिल है। कुल बढ़त 390 से ज्यादा रन की हो चुकी है।

विज्ञापन
12:05 PM, 09-Sep-2026

East Zone vs South Zone Live: साउथ जोन 336 रन पर ऑलआउट

साउथ जोन की पहली पारी 336 रन पर सिमट गई। कप्तान तिलक वर्मा का विकेट आखिरी विकेट के रूप में गिरा। वह 211 गेंद में नौ चौके के मदद से 99 रन बनाकर आउट हुए। तिलक एक रन से शतक से चूक गए। उन्हें कुनैन कुरैशी ने पवेलियन भेजा। इस तरह ईस्ट जोन को पहली पारी के आधार पर 372 रन की बढ़त मिली है। साथ ही साउथ जोन की टीम फॉलोऑन भी नहीं बचा सकी। ईस्ट जोन ने अपनी पहली पारी में 708 रन बनाए थे।

साउथ जोन ने आज छह विकेट पर 242 रन से आगे खेलना शुरू किया और 94 रन बनाने में बाकी के चार विकेट गंवा दिए। साउथ जोन को आज का पहला झटका चामा मिलिंद के रूप में लगा। वह 68 गेंद में सात चौके की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए। फिर त्रिपुराणा विजय एक रन और सिराज एक रन बनाकर आउट हुए। निधीश नाबाद रहे। 

ईस्ट जोन की ओर से मुकेश कुमार ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं, मोहम्मद शमी, कुनैन कुरैशी और शिखर मोहन को दो-दो विकेट मिले। इससे पहले तीसरे दिन साउथ जोन के रिकी भुई एक रन, एन जगदीशन 32 रन, देवदत्त पडिक्कल 62 रन और शेख रशीद 27 रन बनाकर आउट हुए थे। स्मरण रविचंद्रन 23 रन और श्रेयस गोपाल 26 रन बनाकर पवेलियन लौटे थे।

12:00 PM, 09-Sep-2026

East Zone vs South Zone Live: साउथ जोन को नौवां झटका

336 के स्कोर पर साउथ जोन को नौवां झटका लगा। मुकेश कुमार को तीसरी सफलता मिली। उन्होंने सिराज को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। फिलहाल निधीश और तिलक वर्मा क्रीज पर हैं। तिलक शतक से एक रन दूर हैं।

11:38 AM, 09-Sep-2026

East Zone vs South Zone Live: साउथ जोन को आठवां झटका

साउथ जोन को 322 के स्कोर पर आठवां झटका लगा। त्रिपुराणा विजय रन आउट हुए। वह एक रन बना सके। फिलहाल तिलक वर्मा 91 रन बनाकर क्रीज पर हैं। उनका साथ देने मोहम्मद सिराज क्रीज पर आए हैं। साउथ जोन की टीम फिलहाल आठ विकेट पर 326 रन बना चुकी है। टीम अभी भी ईस्ट जोन से 380+ रन पीछे है। टीम पर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा है।

11:15 AM, 09-Sep-2026

East Zone vs South Zone Live: साउथ जोन को सातवां झटका

साउथ जोन को 318 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। शिखर मोहन ने चामा मिलिंद को सुदीप घरामी के हाथों कैच कराया। वह 68 गेंद में सात चौके की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल तिलक वर्मा 84 रन बनाकर क्रीज पर हैं। उनके साथ त्रिपुराणा विजय क्रीज पर हैं।

10:58 AM, 09-Sep-2026

East Zone vs South Zone Live: चौथे दिन अब तक क्या हुआ

चौथे दिन के पहले सत्र का खेल जारी है। फिलहाल तिलक वर्मा 81 रन और चामा मिलिंद 39 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 70+ रन की साझेदारी हो चुकी है। तिलक वर्मा शतक के बेहद करीब हैं। वह शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। साउथ जोन ने छह विकेट पर 311 रन बना लिए हैं।

10:58 AM, 09-Sep-2026

East Zone vs South Zone Live: शमी का दमदार प्रदर्शन

शमी ने दिन में तीन छोटे स्पेल किए। उन्होंने पहले तीन ओवर में दो मेडन डालते हुए सिर्फ एक रन दिया। दूसरे स्पेल में चार ओवर में एक मेडन के साथ 10 रन देकर एक विकेट और तीसरे स्पेल में चार ओवर में एक मेडन के साथ छह रन देकर एक विकेट हासिल किया। इस तरह उन्होंने कुल 11 ओवर में चार मेडन के साथ 17 रन देकर दो विकेट लिए। चेन्नई की उमस भरी परिस्थितियों को देखते हुए संभवत: शमी ने छोटे स्पेल में गेंदबाजी करना पसंद किया। शमी के आंकड़े शायद बहुत प्रभावशाली नहीं दिखते, लेकिन उन्होंने गेंद पर नियंत्रण और जरूरत के समय अपनी गति तथा धार बढ़ाने की क्षमता का भरपूर प्रमाण दिया। जिस सपाट पिच पर दक्षिण क्षेत्र के गेंदबाज शुरुआती दो दिन ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके थे, वहां शमी ने अपने अनुभव और कौशल का शानदार मिश्रण पेश किया।

10:57 AM, 09-Sep-2026

East Zone vs South Zone Live: तिलक वर्मा ने संभाला मोर्चा 

जगदीशन छह चौकों के साथ 32 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद पड्डिकल ने शेख रशीद के साथ तीसरे विकेट के लिए 56 रन जुटाए। रशीद 27 रन बनाकर आउट हुए, जबकि पड्डिकल ने 4 चौकों के साथ 62 रन की पारी खेली। टीम ने 129 के स्कोर तक अपने चार विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद कप्तान तिलक वर्मा ने मोर्चा संभालते हुए स्मरण रविचंद्रन (23) के साथ पांचवें विकेट के लिए 45 रन और श्रेयस गोपाल (26) के साथ छठे विकेट के लिए 66 रन जुटाकर टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। तिलक ने इस प्रतियोगिता में लगातार तीसरा 50 से अधिक का स्कोर बनाया। उन्होंने बेहद संयमित पारी खेलते हुए 143 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। 

10:57 AM, 09-Sep-2026

East Zone vs South Zone Live: साउथ जोन को लगे झटके पर झटके 

एमए चिदंबरम स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी ईस्ट जोन ने पहली पारी में 708 रनों का विशाल स्कोर बनाया। तीसरे दिन साउथ जोन की पहली पारी शुरू हुई। इस टीम ने 10 के स्कोर पर रिकी भुईं (1) का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद देवदत्त पड्डिकल ने नारायण जगदीशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 70 के स्कोर तक पहुंचा दिया।

10:56 AM, 09-Sep-2026

East Zone vs South Zone Live: शमी-मुकेश को मिली सफलताएं

तिलक वर्मा ने अर्धशतक जड़कर टीम को संभाले रखा है। स्टंप्स के समय तिलक 56 रन और चामा मिलिंद दो रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। ईस्ट जोन की ओर से मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार को अब तक दो-दो विकेट मिला है, जबकि मोहम्मद कौनेन कुरैशी और शिखर मोहन को एक-एक सफलता मिली है। 

10:56 AM, 09-Sep-2026

East Zone vs South Zone Live: तीसरे दिन का खेल

ईस्ट जोन के 708 रन के जवाब में साउथ जोन ने पहली पारी में तीसरे दिन तक छह विकेट पर 242 रन बनाए थे और वह अभी 466 रन पीछे था। साउथ जोन की स्थिति मैच में अच्छी नहीं है और उस पर खतरा मंडरा रहा है। लेकिन साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा क्रीज पर टिके हुए हैं।

09:36 AM, 09-Sep-2026

Duleep Trophy Final Highlights: चौथे दिन का खेल समाप्त, ईस्ट जोन ने हासिल की 584 रन की बढ़त; ईशान शतक से चूके

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। दलीप ट्रॉफी के फाइनल में ईस्ट जोन और साउथ जोन की टीमें आमने-सामने हैं। यह मुकाबला चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जा रहा है। ईस्ट जोन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 708 रन बनाए। जवाब में साउथ जोन की पहली पारी जारी है।
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें