फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar MLC Result LIVE: पटना शिक्षक निर्वाचन सीट पर जीते राजद के संजीव कुमार सिंह, मतगणना के दौरान हुआ हंगामा

Wed, 28 Oct 2026 03:28 AM IST
आदित्य आनंद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

खास बातें

Bihar News : एमएलसी सीटों के लिए मतपत्रों की गिनती जारी है। बिहार विधान परिषद की सभी आठ सीटों का परिणाम आज की तारीख में आ जाए, इसकी संभावना कम है। वहीं, तिरहुत सीट पर भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने जीत दर्ज की है। जबकि दरभंगा से जनसुराज के डॉ. सुरेश राय आगे चल रहे हैं। पटना स्नातक निर्वाचन से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार आगे चल रहे है। नतीजों से जुड़ा अपडेट के लिए बने रहिए अमर उजाला के साथ।
विज्ञापन
बिहार में मतगणना का दौर कल तक चलेगा। - फोटो : amar ujala digital
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:25 AM, 28-Oct-2026

पटना शिक्षक निर्वाचन सीट पर जीते राजद के संजीव कुमार सिंह

पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अपनी जीत पर राजद उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार सिंह ने कहा, 'सरकार हताश थी; आज मतगणना हॉल में काफी हंगामा हुआ। वहां भारी शोर-शराबा हुआ, साथ ही धक्का-मुक्की और मारपीट भी हुई... भाजपा कई वर्षों से इस सीट पर काबिज थी। वे मुझसे इतने डरे हुए थे कि चुनाव के दिन, बाउंसरों से भरी पांच गाड़ियां लेकर घूम रहे थे। मैंने शिक्षकों से जो भी वादे किए हैं, उन्हें पूरा करूंगा; उनके हित में हर काम करूंगा।'

10:05 PM, 27-Oct-2026

बिहार एमएलसी चुनाव: दरभंगा और तिरहुत स्नातक में कौन आगे चल रहे?

दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में पहले राउंड की मतगणना के रुझान में भाजपा के सर्वेश कुमार आगे चल रहे हैं, जबकि राजद प्रत्याशी अनिल झा पीछे हैं। वहीं, जन सुराज के मोहम्मद इम्तियाज तीसरे स्थान पर हैं। दूसरी ओर, तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में प्रथम राउंड की मतगणना पूरी हो गई है। यहां वंशीधर ब्रजवासी 2,604 मतों के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि अभिषेक झा 1,604 मतों के साथ दूसरे और रश्मि विनायक गौतम 1,314 मतों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। बी. मोहन को 237 मत मिले हैं।

09:58 PM, 27-Oct-2026

एमएलसी चुनाव: पटना शिक्षक निर्वाचन सीट पर फिर से हंगामा हुआ

पटना एमएलसी चुनाव की मतगणना के दौरान शिक्षक निर्वाचन सीट पर फिर से हंगामा हुआ। भाजपा प्रत्याशी नवल किशोर यादव और राजद प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार के समर्थकों के बीच विवाद हुआ। स्थिति को देखते हुए पटना के आईजी मतगणना केंद्र के अंदर पहुंचे। दोनों दलों के प्रत्याशियों को समझा बुझा कर शांत करवाया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

विज्ञापन
09:18 PM, 27-Oct-2026

Patna Teacher Seat : नवल किशोर यादव अब आगे निकले

पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में प्रथम वरीयता के मतों की गिनती के तीसरे राउंड में नवल किशोर यादव को 746 और डॉ. संजीव कुमार को 553 वोट मिले। तीसरे राउंड में नवल किशोर यादव 193 वोट से आगे रहे। तीनों राउंड की गिनती के बाद नवल किशोर यादव को कुल 3239 और डॉ. संजीव कुमार को 3094 वोट मिले। इस तरह कुल मतों के आधार पर नवल किशोर यादव 145 वोट से आगे हैं। हालांकि, डॉ. संजीव कुमार के समर्थकों का दावा है कि नवल किशोर यादव की बढ़त केवल 49 वोट की है

08:39 PM, 27-Oct-2026

Darbhanga Graduate : भाजपा पहले राउंड में पिछड़ी

दरभंगा स्नातक चुनाव की गिनती में राजद के अनिल झा सबसे आगे चल रहे हैं। प्रथम वरीयता के शुरुआती बंडल से उन्हें 1863 वोट मिले हैं, जबकि भाजपा के सर्वेश कुमार को 1638 मत मिले। इम्तियाज नूरानी को 814 वोट मिले हैं। इस तरह राजद के अनिल कुमार झा 225 वोट से आगे चल रहे हैं।

विज्ञापन
08:19 PM, 27-Oct-2026

Patna Graduate Seat : नीरज दूसरे नंबर पर, अनंत के चहेते बहुत पीछे; पहला कौन?

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में पहले राउंड की मतगणना में दिलीप पटेल को 2167 वोट मिले हैं, जबकि जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार को 2149 वोट प्राप्त हुए हैं। वहीं, जन सुराज समर्थित प्रत्याशी डॉ. अनुज कुमार सिंह को 1504 वोट मिले हैं। इस तरह पहले राउंड में जदयू के नीरज कुमार, दिलीप पटेल से 18 वोटों से पीछे चल रहे हैं।

08:17 PM, 27-Oct-2026

Patna MLC Election : जदयू से निकले संजीव अब भाजपा पर भारी

पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में दूसरे राउंड की मतगणना के बाद राजद समर्थित प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार ने भाजपा प्रत्याशी नवल किशोर यादव पर 48 वोटों की बढ़त बना ली है। दूसरे राउंड में डॉ. संजीव कुमार को 1270 वोट मिले, जबकि नवल किशोर यादव को 1220 वोट प्राप्त हुए। इस राउंड में डॉ. संजीव कुमार ने 50 वोटों की बढ़त हासिल की। पहले राउंड में नवल किशोर यादव दो वोटों से आगे थे। ऐसे में दो राउंड की मतगणना के बाद डॉ. संजीव कुमार कुल 48 वोटों से आगे हो गए हैं।

07:16 PM, 27-Oct-2026

तिरहुत शिक्षक निर्वाचन: एनडीए के घटक दल भाजपा के उम्मीदवार नरेंद्र प्रसाद सिंह जीते

बिहार विधान परिषद की तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में एनडीए के घटक दल भाजपा के उम्मीदवार नरेंद्र प्रसाद सिंह ने जीत हासिल कर ली है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भूषण झा को 594 मतों के अंतर से पराजित किया। इस मुकाबले में पूर्व एमएलसी और सीपीआई के प्रत्याशी संजय सिंह तीसरे स्थान पर रहे। निर्वाचन आयोग की ओर से आधिकारिक घोषणा की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। हालांकि, मतों का अंतर स्पष्ट होने के साथ ही एनडीए खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई है।

07:09 PM, 27-Oct-2026

बिहार: जनसुराज के सुरेश राय ने कांग्रेस उम्मीदवार डॉ मदन मोहन झा से चल रहे आगे

दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जनसुराज के डॉ. सुरेश राय बढ़त बनाए हुए हैं। उन्हें कुल 2,593 वोट मिले, जबकि विधान पार्षद और कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. मदन मोहन झा को 2,187 वोट मिले हैं। वहीं, तीसरे स्थान पर रहे वामपंथी प्रत्याशी रामदेव राय को कुल 1,498 वोट मिले।

हालांकि, जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में डॉ. सुरेश प्रसाद राय को 2,574 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. मदन मोहन झा को 2,117 वोट मिले हैं। इस सीट पर कुल 7,495 मत वैध और 258 मत अवैध पाए गए हैं। जीत के लिए निर्धारित कोटा 3,749 वोट था। किसी भी प्रत्याशी के कोटा हासिल नहीं करने के कारण एलिमिनेशन की प्रक्रिया के जरिए विजेता का फैसला होगा।

06:01 PM, 27-Oct-2026

मतगणना: नवल किशोर यादव ने बनाई बढ़त

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में पहले राउंड की मतगणना पूरी हो गई है। पहले राउंड में नवल किशोर यादव ने 1273 वोट हासिल किए, जबकि डॉ. संजीव कुमार को 1271 वोट मिले। इस तरह नवल किशोर यादव ने डॉ. संजीव कुमार पर दो वोटों की बढ़त बना ली है।

05:21 PM, 27-Oct-2026

Tirhut Teacher MLC Narendra Singh : भाजपा के नरेंद्र सिंह की जीत, आधिकारिक घोषणा बाकी

तिरहुत शिक्षक सीट से एनडीए समर्थित उम्मीदवार जीत चुके हैं। तिरहुत शिक्षक सीट से एनडीए समर्थित नरेंद्र सिंह मतगणना में शुरू से आगे चल रहे थे। वह 594 मतों से जीते। आधिकारिक घोषणा बाकी है। इधर, पटना शिक्षक निर्वाचन सीट से मतगणना अभी शुरू ही हुई है। उस हिसाब से स्नातक का परिणाम अगली तारीख तक आने की ही उम्मीद है। 

05:05 PM, 27-Oct-2026

Saran Teacher MLC Election : निर्दलीय राहुल राज आगे, दूसरी वरीयता के वोट पर सभी की नजर

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में प्रथम वरीयता के मतों की गिनती में निर्दलीय प्रत्याशी राहुल राज 2723 मतों के साथ पहले स्थान पर हैं। वहीं, जेडीयू समर्थित प्रत्याशी आनंद पुष्कर को 2440 मत मिले हैं और वह दूसरे स्थान पर हैं। जनसुराज समर्थित प्रत्याशी आफाक अहमद 1999 मतों के साथ तीसरे, जबकि जयराम यादव 1708 मतों के साथ चौथे स्थान पर हैं। मतगणना में कुल 9197 वैध मत पाए गए हैं, जबकि 371 मत अवैध घोषित किए गए हैं। जीत के लिए 4600 मतों का कोटा निर्धारित किया गया है। प्रथम वरीयता के मतों में कोई भी प्रत्याशी निर्धारित कोटे तक नहीं पहुंचा है। ऐसे में अब दूसरी वरीयता के मतों की गिनती निर्णायक हो सकती है। राहुल राज की बढ़त के बावजूद अंतिम परिणाम के लिए दूसरी वरीयता के मतों की गणना अहम होगी। सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि दूसरी वरीयता के मतों से किस प्रत्याशी को कितना फायदा मिलता है और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद पहुंचने में कौन सफल होता है।

04:11 PM, 27-Oct-2026

Bihar MLC Election: सारण में जनसुराज के प्रत्याशी आगे

बिहार विधान परिषद के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के शुरुआती रुझान में जनसुराज समर्थित प्रत्याशी आफाक अहमद आगे चल रहे हैं, जबकि जदयू प्रत्याशी आनंद पुष्कर पीछे हैं। पांच टेबलों पर हुई शुरुआती गिनती में आफाक अहमद को 1172 और आनंद पुष्कर को 942 मत मिले हैं। इस तरह आफाक अहमद 230 मतों से आगे बताए जा रहे हैं। हालांकि, इन आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जिला निर्वाची पदाधिकारी के अनुसार, कुल 9570 मतों की गणना में 9199 वैध और 371 अवैध मत पाए गए हैं। मतगणना सारण जिला मुख्यालय स्थित राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है। 

03:35 PM, 27-Oct-2026

Bihar Election News: पटना स्नातक निर्वाचन से जदयू आगे

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों में जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार आगे चल रहे हैं, जबकि राजद के डॉक्टर संजीव कुमार दूसरे और जन सुराज के डॉक्टर अनुज कुमार सिंह तीसरे स्थान पर हैं। डॉक्टर अनुज कुमार सिंह को अनंत सिंह का समर्थन प्राप्त है। इस बीच, नीरज कुमार और अनुज सिंह के समर्थक अपनी-अपनी जीत का दावा करने लगे हैं।
 

03:05 PM, 27-Oct-2026

Bihar MLC Election: तिरहुत शिक्षक निर्वाचन में NDA प्रत्याशी आगे

तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना में एनडीए प्रत्याशी नरेंद्र प्रसाद सिंह बढ़त बनाए हुए हैं। ताजा आंकड़ों के अनुसार, नरेंद्र प्रसाद सिंह को 1,931 वोट मिले हैं, जबकि सीपीआई प्रत्याशी संजय सिंह 1,769 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। निर्दलीय प्रत्याशी भूषण झा को 1,710 और जन सुराज के प्रत्याशी श्याम नंदन यादव को 1,458 वोट मिले हैं। नरेंद्र प्रसाद सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी संजय सिंह से 162 वोटों से आगे चल रहे हैं। मतगणना जारी है।
 

02:28 PM, 27-Oct-2026

Tirhut Election News: तिरहुत के शिक्षक और स्नातक में कौन आगे?

तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना शुरू हो गई है। पहले राउंड में एनडीए प्रत्याशी नरेंद्र प्रसाद सिंह ने 1,872 मत हासिल कर महागठबंधन के प्रत्याशी और पूर्व एमएलसी संजय सिंह पर 159 मतों की बढ़त बना ली है। संजय सिंह को 1,713 मत मिले हैं। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी भूषण झा तीसरे और जन सुराज के प्रत्याशी श्याम नंदन यादव चौथे स्थान पर हैं। इधर, तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना में अभी विलंब हो रहा है। यहां दोपहर तीन बजे के बाद मतगणना शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
 

02:00 PM, 27-Oct-2026

Bihar Election News: दरभंगा में कब आएगा परिणाम, डीएम ने बताया

दरभंगा में बिहार विधान परिषद चुनाव की मतगणना को लेकर डीएम कौशल कुमार ने कहा कि चुनाव परिणाम दोपहर तीन बजे के बाद आने की संभावना है। फिलहाल मतपत्रों का संख्यात्मक विवरण तैयार कर लिया गया है और अब अभ्यर्थीवार विवरण तैयार किया जा रहा है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतपत्रों की गणना जारी है। डीएम ने बताया कि मतपत्र काफी लंबे होने के कारण संख्यात्मक विवरण तैयार करने में समय लग रहा है। अब तक पांच राउंड की तैयारी पूरी हुई है। अनुमान है कि दोपहर तीन से चार बजे तक पांच और राउंड की तैयारी पूरी कर ली जाएगी। इससे गणना किए गए मतपत्रों की संख्या स्पष्ट हो जाएगी, जिसके बाद अभ्यर्थीवार मतगणना शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों और गाइडलाइन के अनुसार सभी उम्मीदवारों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जा रही है।

01:39 PM, 27-Oct-2026

Bihar Election News: तिरहुत स्नातक और शिक्षक निर्वाचन सीट का क्या है हाल?

तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना में पहले राउंड के नतीजे आने में करीब एक घंटे का समय लगने की संभावना है। फिलहाल मतपत्रों की छंटाई का काम जारी है, जिससे मतगणना में और विलंब हो सकता है। वहीं, तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना में भी देरी होने की आशंका है। मतगणना केंद्र में प्रवेश को लेकर सख्ती बरती जा रही है। चुनाव एजेंट, मतगणना एजेंट और प्रत्याशियों के अलावा अन्य किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।

01:19 PM, 27-Oct-2026

Bihar MLC Election: जनसुराज की प्रत्याशी दिव्या ज्योति ने क्या मांग की?

जनसुराज की प्रत्याशी दिव्या ज्योति ने मतगणना कक्ष में पर्याप्त जगह नहीं होने और सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि काउंटिंग एजेंटों को खड़े होकर पूरी प्रक्रिया पर नजर रखने में परेशानी हो रही है। उनके मुताबिक, प्रशासन से सीसीटीवी लगाने की मांग की गई, लेकिन इसे जरूरी नहीं बताया गया। दिव्या ज्योति ने मतगणना प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए कहा कि इन परिस्थितियों में सवाल उठाना उनका अधिकार है। हालांकि, दस्तावेजों को अंदर ले जाने के कारण और आरोपों पर संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आना बाकी है।

12:48 PM, 27-Oct-2026

बिहार विधान परिषद चुनाव: पटना के मतगणना केंद्र पर हंगामा,

पटना के बांकीपुर गर्ल्स हाई स्कूल में बने मतगणना केंद्र पर मंगलवार को फाइलों के बंडल को लेकर जमकर हंगामा हुआ। जन सुराज के समर्थकों ने आयुक्त कार्यालय के एक कर्मचारी को दस्तावेजों के बंडल लेकर अंदर जाते समय रोका। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज की प्रत्याशी दिव्या ज्योति ने आरोप लगाया कि कर्मचारी राजकुमार कई बंडल लेकर अंदर जा रहे थे। विरोध के बाद बंडल खुलवाए गए तो उनमें बड़ी संख्या में फॉर्म-16 मिले। दिव्या ज्योति ने सवाल उठाया कि जब मतपेटियां खुल रही हैं और मतपत्रों की गिनती जारी है, तो इस समय फॉर्म-16 अंदर क्यों ले जाए जा रहे थे? उन्होंने इसे संदिग्ध बताते हुए चुनाव आयोग से शिकायत करने की बात कही।

12:05 PM, 27-Oct-2026

Bihar MLC Election 2026: पटना के मतगणना केंद्र पर हंगामा

पटना के बांकीपुर गर्ल्स स्कूल स्थित मतगणना केंद्र पर कुछ देर पहले विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। फाइल लेकर अंदर जा रहे एक व्यक्ति को लेकर प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने विरोध जताना शुरू कर दिया। इस दौरान केंद्र पर ‘वोट चोर’ के नारे भी लगाए गए। वहीं, मतगणना कक्ष में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. संजय कुमार धरने पर बैठ गए। दूसरी ओर, राजद प्रत्याशी ने भी इस मामले में चुनाव आयोग से शिकायत कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। एक दिन पहले भी राजद के नेता चुनाव आयोग गए।

10:37 AM, 27-Oct-2026

Anant Singh : बाहुबली अनंत सिंह MLC बना रहे या अपनी विधायकी खो रहे सिर्फ?

इस विधान परिषद् चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा जनता दल यूनाईटेड के अंदर का गतिरोध रहा। मतदान खत्म होते ही जदयू ने बाहुबली विधायक अनंत सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया, क्योंकि वह पार्टी की ओर से घोषित प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का पटना स्नातक सीट पर प्रचार कर रहे थे। अब पार्टी उनकी विधायकी लेने के लिए बिहार विधानसभा चुनाव में आवेदन दे चुकी है। मंगलवार रात तक आने वाला परिणाम साफ करेगा कि नीरज को हराने में कामयाब होकर अनंत सिंह अपनी विधायकी खोने पर क्या कहते हैं या नीरज की जीत की स्थिति में अनंत सिंह की विधायकी जाने के बाद उनकी प्रतिक्रिया क्या आती है? वैसे, 30 अक्टूबर को अनंत सिंह को पिछले साल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हुई एक बाहुबली राजनीतिक कार्यकर्ता की मौत/हत्या में संलिप्तता के मामले की सुनवाई भी है।

09:34 AM, 27-Oct-2026

Bihar MLC Election: धरने पर क्यों बैठ गए कांग्रेस के प्रत्याशी?

पटना में मतगणना केंद्र पर सीसीटीवी नहीं होने को लेकर प्रत्याशियों ने नाराजगी जताई और प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने की मांग की। कांग्रेस प्रत्याशी संजय यादव धरने पर बैठ गए हैं। उनका आरोप है कि सीसीटीवी नहीं होने के पीछे किसी गड़बड़ी की साजिश हो सकती है। हालांकि, अधिकारी उन्हें समझाने-बुझाने की कोशिश कर रहे हैं। इससे एक दिन पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की पांच सदस्यीय टीम ने चुनाव आयोग के कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से मुलाकात की थी। राजद नेताओं ने मतगणना के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की अपील की थी। इस संबंध में टीम ने चुनाव आयोग के अधिकारियों को मांग पत्र भी सौंपा था।
 

08:40 AM, 27-Oct-2026

पटना स्नातक निर्वाचन में कितने मतदाता हैं, पिछले चुनाव में किसने मारी थी बाजी?

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 87,583 मतदाता हैं। इनमें 66,462 पुरुष, 21,117 महिलाएं और चार अन्य मतदाता शामिल हैं। पटना स्नातक सीट फिलहाल जदयू के पास है। 2020 के विधान परिषद चुनाव में नीरज कुमार ने यहां से लगातार तीसरी बात जीत हासिल की थी। तब उन्होंने राजद प्रत्याशी आजाद गांधी को 8252 वोटों के अंतर से  हराया था। नीरज कुमार को 20,948 वोट मिले थे। उन्होंने राजद प्रत्याशी आजाद गांधी को हराया था। 

08:08 AM, 27-Oct-2026

बिहार विधान परिषद चुनाव: मतगणना प्रकिया शुरू हो गई

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए मतगणना की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया और सारण में निर्धारित केंद्रों पर मतों की गिनती की जा रही है। पटना में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के वोटों की गणना बांकीपुर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में हो रही है। यहां स्नातक सीट के लिए 14 और शिक्षक सीट के लिए सात टेबलों पर मतगणना की व्यवस्था की गई है। नौ बजे से रुझान आने लगेंगे। पहले शिक्षक सीटों का परिणाम आएगा, इसके बाद स्नातक सीटों का। 

08:02 AM, 27-Oct-2026

बिहार एमएलसी चुनाव 2026: किस सीट पर कितना हुआ था मतदान?

बिहार विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर हुए चुनाव में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 82.85 प्रतिशत, जबकि स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 53.42 प्रतिशत मतदान हुआ था। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना में 57.56 प्रतिशत, तिरहुत में 48.51 प्रतिशत, दरभंगा में 54.73 प्रतिशत और कोसी में 54.73 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में सारण में सबसे अधिक 89.05 प्रतिशत मतदान हुआ। दरभंगा में 85.87 प्रतिशत, तिरहुत में 82.99 प्रतिशत और पटना में 74.75 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
 

07:34 AM, 27-Oct-2026

Bihar MLC Election: 150 प्रत्याशी आज फैसले का कर रहे इंतजार

निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, तिरहुत, दरभंगा और कोसी स्नातक सीटें हैं, जबकि शिक्षक सीटों में पटना, सारण, तिरहुत और दरभंगा शामिल हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 98 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। इनमें से आठ के नामांकन पत्र जांच के दौरान अस्वीकृत हो गए, जबकि किसी उम्मीदवार ने नाम वापस नहीं लिया। इसके बाद 90 प्रत्याशी मैदान में रह गए। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 66 उम्मीदवारों ने नामांकन किया था। इनमें चार के नामांकन पत्र रद्द हुए और दो ने नाम वापस ले लिया। इस तरह शिक्षक सीटों पर 60 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

07:29 AM, 27-Oct-2026

Bihar MLC Result LIVE: पटना शिक्षक निर्वाचन सीट पर जीते राजद के संजीव कुमार सिंह, मतगणना के दौरान हुआ हंगामा

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों (चार शिक्षक और चार स्नातक निर्वाचन) के लिए मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे से शुरू होगी। 23 अक्टूबर को हुए मतदान के बाद अब सभी की नजरें चुनाव परिणाम पर टिकी हैं। इस निर्वाचन आयोग ने मतगणना के लिए पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया और सारण में केंद्र निर्धारित किए हैं।

पटना में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के वोटों की गिनती बांकीपुर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में होगी। यहां स्नातक सीट के लिए 14 और शिक्षक सीट के लिए सात मतगणना टेबल की व्यवस्था की गई है। कहीं कोई गड़बड़ी नहीं हो, इसके लिए सभी मतगणना केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। इतना ही नहीं चुनाव आयोग के दफ्तर से भी हर एक केंद्र की निगरानी की जा रही है। 
 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें