जम्मू विश्वविद्यालय में अंतर विभागीय क्रिकेट (पुरुष) प्रतियोगिता का मुकाबला खेलते खिलाड़ी। जम्म
- लॉ स्कूल ने लाइफ लॉन्ग लर्निंग विभाग को पांच विकेट से हराया, श्रेयांश ने बनाए 63 रन
- एमसीए ने कॉमर्स विभाग की टीम को पांच विकेट से दी मात, राजिद ने चार और कामिल ने झटके तीन विकेट
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय के क्रिकेट मैदान में चल रही अंतर विभागीय पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में लॉ स्कूल ने लाइफ लॉन्ग लर्निंग विभाग को पांच विकेट से हराया। दूसरे मुकाबले में एमसीए ने कॉमर्स विभाग को पांच विकेट से मात दी।
पहले मुकाबले में लाइफ लॉन्ग लर्निंग विभाग ने 15 ओवर में चार विकेट पर 127 रन बनाए। उमर ने 26, वसीम ने 25 और मुजाहिर ने 21 रन का योगदान दिया। लॉ स्कूल की ओर से सदीक ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए लॉ स्कूल ने 14 ओवर में पांच विकेट खोकर 128 रन बनाकर जीत दर्ज की। श्रेयांश ने 63 रन की शानदार पारी खेली, जबकि मोहम्मद ओसामा ने 22 और सदीक ने 16 रन बनाए। लाइफ लॉन्ग लर्निंग विभाग की ओर से अंबर ने तीन और वसीम ने दो विकेट चटकाए।
दूसरे मुकाबले में कॉमर्स विभाग की टीम 14.3 ओवर में 72 रन पर सिमट गई। दीपक ने 16 और अक्षय ने 11 रन बनाए। एमसीए की ओर से रजिद ने चार और कामिल ने तीन विकेट हासिल किए। जवाब में एमसीए ने 9.3 ओवर में पांच विकेट पर 73 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। डेनिश ने 23 और फैजान ने 18 रन बनाए। कॉमर्स विभाग की ओर से परविंदर ने तीन विकेट लिए।