सोपोर में दो ठिकानों पर तलाशी
सोपोर में एनआईए की टीम ने पुलिस स्टेशन सोपोर के अंतर्गत गुंड ब्राठ इलाके में गुलाम मोहम्मद तंतरी के आवास की तलाशी ली। इसके अलावा अरामपोरा के तेलियां मोहल्ला निवासी शबनम के गौसिया आबाद स्थित आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया गया।
अधिकारियों के मुताबिक कुलगाम और बांदीपोरा में भी कई आवासीय परिसरों में तलाशी ली गई। कार्रवाई के दौरान एनआईए टीमों को स्थानीय पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों का सहयोग मिला। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।
पूंछ और उधमपुर में सीआरपीएफ की छापे
इसी बीच राज्य जांच एजेंसी (सीआरपीएफ) ने भी जम्मू संभाग के पूंछ और उधमपुर जिलों में तीन स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। पूंछ के मंडी और सुरनकोट तथा उधमपुर के रामनगर इलाके में सीआरपीएफ की टीमें पहुंचीं।
मंडी के चीला डांगरी इलाके में मुन्नबर हुसैन के आवासीय परिसर की भी तलाशी ली गई। यह कार्रवाई किस मामले में की गई, इस संबंध में अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
आतंकी नेटवर्क मामले में हाफिज सईद पर फिर शिकंजा
आतंकवाद से जुड़े एक अन्य मामले में एनआईए ने जम्मू की विशेष अदालत को बताया कि लश्कर-ए-ताइबा का संस्थापक और भारत का मोस्ट वांटेड आतंकवादी हाफिज सईद पाकिस्तान में मौजूद है। एजेंसी की याचिका पर अदालत ने उसके खिलाफ दो महीने में दूसरी बार गैर-जमानती वारंट जारी किया है।
एनआईए के मुताबिक जांच के दौरान सामने आया कि सईद कश्मीर घाटी में सक्रिय आतंकी संगठनों को हथियार धन और निर्देश मुहैया करा रहा है। यह मामला श्रीनगर के पांदाच इलाके में मोहम्मद नकीब भट की गिरफ्तारी के बाद सामने आए आतंकी नेटवर्क से जुड़ा है। भट के पास से चीन निर्मित ग्रेनेड और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे।
जांच आगे बढ़ने पर लश्कर और उसके सहयोगी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट से जुड़े कई आतंकियों और दो पाकिस्तानी नागरिकों की गिरफ्तारी हुई थी। अदालत ने इससे पहले जुलाई में भी हाफिज सईद के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।
अवंतीपोरा में 1.8 क्विंटल केसर के कंद की खेप जब्त
आतंकवाद और नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के बीच अवंतीपोरा में पुलिस ने कश्मीर से बाहर भेजी जा रही करीब 1.8 क्विंटल केसर के कंद की खेप जब्त की। पुलिस ने इस खेप को बाहर भेजे जाने की कोशिश को नाकाम कर दिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
अनंतनाग में 20 जगहों पर नार्को तलाशी अभियान
अनंतनाग पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ भी बड़ा अभियान चलाया। वाघामा इलाके में शनिवार को करीब 20 स्थानों पर नार्को कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस के अनुसार वाघामा को जिले में नशे के कारोबार के हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है।
अभियान के दौरान 13 संदिग्ध नार्को तस्करों को पूछताछ के लिए पकड़ा गया। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य स्थानीय नशा नेटवर्क की पहचान कर उसे खत्म करना और नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन को जड़ से तोड़ना है।
ड्रग नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई
अनंतनाग पुलिस ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान आगे भी जारी रहेगा। इससे पहले एनसीबी जम्मू ने जम्मू-कश्मीर में हेरोइन की तस्करी के दो मार्गों का खुलासा करते हुए कई कार्रवाइयों में कुल 6.920 किलोग्राम हेरोइन जब्त की थी। इन कार्रवाइयों में जम्मू-सांबा क्षेत्र और पंजाब से जुड़े सप्लाई नेटवर्क का भी पता चला था। पुलिस और जांच एजेंसियों की ताजा कार्रवाई से आतंकवाद और नशे के नेटवर्क के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी और सख्ती बढ़ने के संकेत मिले हैं।