-एसोसिएशन में महिलाओं के लिए दो पद बढ़ाने को स्वीकृति से संबंधित प्रस्ताव शामिल
-एसोसिएशन के नियमों में तब्दीली का भी रखा जाएगा सदस्यों के समक्ष प्रस्ताव
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की आम बैठक इसी नवंबर में हो सकती है। इसमें एसोसिएशन से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की संभावना है। खास तौर एसोसिएशन में महिला वकीलों के लिए दो पद बढ़ाने को स्वीकृति से संबंधित प्रस्ताव शमिल है। इसके अलावा एसोसिएशन के नियमों में तब्दीली संबंधी प्रस्ताव भी बैठक में रखा जाएगा।
यह दोनों ही प्रस्ताव जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव पर सीधा असर डालने वाले हैं। अभी तक एसोसिएशन में पांच पदों अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पद पर चुनाव होते हैं। इसमें महिलाओं के लिए दो पद और सृजित किए जाने का प्रस्ताव है। ये पद उपाध्यक्ष महिला और संयुक्त सचिव महिला का है। ऐसे में सात पदों पर चुनाव हो सकते हैं।
वहीं, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में बेहतर और अनुभवी प्रत्याशियों को मौका देने के मद्देनजर अध्यक्ष पद के लिए 20 साल या 25 साल की प्रैक्टिस को जरूरी किए जा सकता है। अभी जो प्रस्ताव सामने हैं उनमें एक अध्यक्ष के लिए 20 वर्ष, उपाध्यक्ष के लिए 12 वर्ष, महासचिव के लिए 10 वर्ष, संयुक्त सचिव के लिए आठ वर्ष तथा कोषाध्यक्ष के लिए चार वर्ष की प्रैक्टिस का अनुभव जरूरी किए जाने का है। एक अन्य प्रस्ताव के तहत अध्यक्ष पद के लिए 25 साल, उपाध्यक्ष पद के लिए 20 वर्ष, महासचिव पद के लिए 15 वर्ष, संयुक्त सचिव पद के लिए 10 वर्ष तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए पांच वर्ष का अनुभव जरूरी किया ज सकता है। जनरल हाउस में पास हो जाने के बाद ये प्रावधान लागू होंगे।