रियासी। कटड़ा मार्ग पर सालडी भागा में रविवार शाम बस के साथ हुई टक्कर में कार चालक की मौत हो गई जबकि मुंबई निवासी श्रद्धालु दंपति घायल हो गया। बताया जाता है कि मुंबई निवासी जतिंदर शर्मा पुत्र पृथ्वी नाथ शर्मा और उनकी पत्नी पूजा गुप्ता हायर की गई कार में श्री शिवखोड़ी धाम से भोलेनाथ के दर्शन कर वापस श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर लौट रहे थे। भागा क्षेत्र में कार की बस के साथ जोरदार टक्कर हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार बस की गति तेज थी और कार काफी दूर तक घिसटती चली गई। कार चालक यशपाल शर्मा निवासी कारुआ की मौके पर ही मौत हो गई। कटड़ा से रियासी की तरफ लौट रहे स्वास्थ्य कर्मी भानु प्रताप ने दोनों घायलों को अपने वाहन में बिठा कर जिला अस्पताल पहुंचाया। दोनों घायलों का उपचार अस्पताल में किया गया। घायलों को सिर और पीठ पर चोटें आई हैं। जतिंदर शर्मा की दाई बाजू में फ्रेक्चर हुआ है। यशपाल शर्मा का शव एम्बुलेंस के जरिये अस्पताल के शवगृह में लाया गया।