गांदरबल। आंगनबाड़ी वर्कर्स एंड हेल्पर्स एसोसिएशन ने रविवार को दुदरहामा गांदरबल में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कम मानदेय, लंबित भुगतान और अन्य बकाया लाभों को लेकर अपनी चिंताएं जाहिर कीं।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनके काम की प्रकृति और जिम्मेदारियों को देखते हुए उन्हें मिलने वाला मासिक मानदेय बेहद कम है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई महीनों से भुगतान में देरी हो रही है। कुछ कर्मचारियों को कथित तौर पर चार से पांच महीने से भुगतान नहीं मिला है, जिसके कारण उन्हें गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने जम्मू-कश्मीर सरकार और स्वास्थ्य मंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने तथा उनकी लंबित मांगों का समाधान सुनिश्चित करने की अपील की। संवाद