शिमला जिले के रामपुर के तलई क्षेत्र में एक दुकान में बिना वैध लाइसेंस पटाखे भंडारित करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने 27 अक्तूबर को सूचना के आधार पर दुकान की जांच की, जहां दुकानदार पटाखों के भंडारण की अनुमति से जुड़े दस्तावेज नहीं दिखा सका।
त्योहारी सीजन में पटाखों की अवैध बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के लिए शिमला पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में रामपुर के तलई क्षेत्र में एक दुकान में बिना वैध लाइसेंस के पटाखे भंडारित करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, 27 अक्तूबर को रामपुर थाना की टीम नोगली क्षेत्र में गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि तलई स्थित एक दुकान में अवैध रूप से पटाखे रखे गए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दुकान पर पहुंचकर जांच की और दुकानदार से पटाखों के भंडारण संबंधी वैध लाइसेंस या अनुमति दिखाने को कहा।
हालांकि, दुकानदार कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125 और 288 तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी के तहत मामला दर्ज किया।
विज्ञापन
पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है। त्योहारी सीजन को देखते हुए पटाखों के सुरक्षित भंडारण और वैध अनुमति के बिना उनके रखरखाव पर निगरानी रखी जा रही है।