करनाल। शहर को स्वच्छ बनाने के लिए अब घरों से ही कचरा प्रबंधन की आदत विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। नगर निगम की टीमें विभिन्न वार्डों में पहुंचकर लोगों को गीले कचरे से खाद बनाने और कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में रखने के प्रति जागरूक कर रही हैं।
नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा के निर्देश पर जोन प्रभारी और स्वच्छ भारत मिशन-शहरी की टीमें सूचना, शिक्षा व संचार गतिविधियों के जरिये लोगों को जागरूक कर रही हैं। टीमें ऐसे घरों का भी निरीक्षण कर रही है, जहां पहले से घरेलू खाद बनाई जा रही है। इन घरों की जानकारी और रिकॉर्ड दर्ज किया जा रहा है, ताकि दूसरे परिवारों को भी इस पहल से जोड़ा जा सके। टीम लोगों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के तहत हरे, नीले, लाल और काले रंग के कूड़ेदानों का सही उपयोग करने की जानकारी दे रही हैं। अभियान में लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी बनाने और कपड़े या पुन: उपयोग योग्य थैले अपनाने की अपील की जा रही है।