शहर के भगत सिंह चौक पर सुंदरीकरण के बाद का दृश्य।
भिवानी। शहर में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश देती आकर्षक पेंटिंग लोगों का ध्यान खींच रही हैं। शहीद भगत सिंह चौक पर एलईडी डिस्प्ले बोर्ड पर लिखा ‘आई लव यू भिवानी’ रात में रोशनी बिखेर रहा है। डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में नगर परिषद प्रमुख स्थानों पर चित्रकारी और प्रेरक नारों के माध्यम से शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने का संदेश दे रही है।
नगर परिषद ने कुछ समय पहले शहर के करीब दर्जनभर कचरा प्वाइंटों का सुंदरीकरण कर उन्हें गंदगी मुक्त बनाने की पहल की थी। इन स्थानों पर नागरिकों से कचरा न डालने और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए आने वाले वाहनों में ही कचरा डालने की अपील की गई, ताकि गलियों और मुख्य सड़कों पर गंदगी के ढेर न लगें।
इसी अभियान के तहत राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की दीवार सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर प्रेरक स्लोगन वाली पेंटिंग बनाई जा रही हैं। शहीद भगत सिंह चौक पर डिजिटल बोर्ड दिन में लोगों का ध्यान आकर्षित करता है और रात में इसकी रोशनी आसपास के क्षेत्र को जगमगाती है। यहां बनी चित्रकारी भिवानी के प्रति अपनत्व का भाव जगाने के साथ स्वच्छता का संदेश भी देती है।
डीएमसी हरबीर सिंह ने बताया कि नगर परिषद का प्रयास शहर को स्वच्छ और निर्मल बनाना है। पेंटिंग के माध्यम से नागरिकों को जागरूक करने के साथ उनसे सहयोग की अपील भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आमजन की भागीदारी से ही शहर को गंदगी मुक्त बनाया जा सकता है। नगर परिषद और जिला प्रशासन ने नागरिकों से इधर-उधर कचरा न डालने और छोटी काशी भिवानी को स्वच्छ व सुंदर बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया।
स्वच्छ भिवानी, स्वस्थ भिवानी का संदेश
फूल-पौधों, हरियाली और पक्षियों की चित्रकारी के साथ ‘स्वच्छ भिवानी, स्वस्थ भिवानी’ का संदेश पर्यावरण संरक्षण और बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करता है। नव निर्माणाधीन लघु सचिवालय की चहारदीवारी और हांसी रोड पर कॉलेज क्षेत्र में भी आकर्षक पेंटिंग बनाई गई हैं। इनमें कहीं पेड़-पौधों पर पक्षी दिखाई देते हैं तो कहीं स्कूल जाते बच्चों के माध्यम से साफ-सुथरी सड़कों, गलियों और स्वच्छ हवा का महत्व दर्शाया गया है।