Yash On Ramayana: इस साल की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक 'रामायण' जल्द रिलीज होने वाली है। अब फिल्म को लेकर एक बार फिर अभिनेता यश ने लोगों से एक खास अपील की है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म 'रामायण' रिलीज होने को तैयार है। ऐसे में मेकर्स और कास्ट मिलकर फिल्म का प्रमोशन करते हुए नजर आ रहे हैं। कुछ दिनों पहले एक इवेंट में यश ने लोगों से कहा था कि 'रामायण' देखने के लिए सभी को एकजुट होना चाहिए। साथ ही उन्होंने इसके बजट की आलोचना न करने के लिए भी कहा था।
विज्ञापन
अब फिर एक इवेंट में अभिनेता और 'रामायण' के सह-निर्माता यश ने लोगों से एक खास अपील की है। अभिनेता ने कहा कि फिल्म में वीएफएक्स की छोटी-मोटी कमियों को देखने के बजाय इसकी बड़ी सोच और मकसद को समझना चाहिए।
Trending Videos
यश
- फोटो : सोशल मीडिया
'रामायण' को लेकर क्या बोले यश?
19 अक्टूबर को हैदराबाद में फिल्म के प्री-रिलीज इवेंट के दौरान यश ने दर्शकों से अपील की कि वे भारतीय सिनेमा को दुनिया भर में पहचान दिलाने की इस कोशिश का समर्थन करें। सिर्फ इतना ही नहीं, यश ने यह भी कहा कि अगर नमित मल्होत्रा जैसे बड़े सपने देखने वाले निर्माता का साथ छूट गया, तो इंडस्ट्री को कई साल पीछे जाना पड़ सकता है। उन्होंने देशभर के दर्शकों से फिल्म को खुले मन से देखने की अपील की।
यश ने कहा, 'एक बात मैं आप सभी से कहना चाहता हूं। कृपया वीएफएक्स या दूसरी छोटी-मोटी कमियां ढूंढने की कोशिश न करें। ऐसा मौका बार-बार नहीं मिलेगा। अगर हमने अभी नमित मल्होत्रा जैसे लोगों को खो दिया, तो हमें आगे बढ़ने में और कई साल लग जाएंगे। हम फिर पीछे चले जाएंगे। इसलिए फिल्म को खुले मन से देखें।'
यश और नमित मल्होत्रा
- फोटो : इंस्टाग्राम
यश ने की नमित मल्होत्रा की तारीफ
‘केजीएफ’ स्टार ने कहा, 'कोई भी फिल्म बना सकता है। कोई भी फिल्म बनाने का सपना देख सकता है। लेकिन कुछ ही लोगों में इस तरह का जुनून, लगन, दृढ़ निश्चय और पागलपन होता है। एक भारतीय होने के नाते मैं कह रहा हूं कि हमें इस इंसान को संभालकर रखना चाहिए। यह हमारी जिम्मेदारी है।'
अभिनेता ने आगे कहा, 'जब भी मैं उनसे (नमित) लॉस एंजिल्स में मिलता था, वह हमेशा एक ही बात कहते थे कि हम यहां बहुत कुछ कर रहे हैं। भारतीयों ने बहुत कुछ हासिल किया है। लेकिन हमें यह अपनी भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के लिए करना चाहिए। मुझे ऑस्कर मिल रहे हैं, लेकिन मैं खुश नहीं हूं। मैं चाहता हूं कि हमारी इंडस्ट्री भी उस स्तर पर पहुंचे। जिस दिन ऐसा होगा, उस दिन मुझे खुशी मिलेगी।'
यश ने बातचीत में आगे कहा, 'उसी दिन मैंने उनके साथ काम करने का फैसला किया। मैंने कहा कि चलिए इस सपने को पूरा करने के लिए जो कुछ करना पड़ेगा, हम करेंगे, क्योंकि यह सबसे जरूरी सोच है। हां, मैं रावण का किरदार निभाऊंगा। हां, मैं फिल्म का सह-निर्माता भी बनूंगा। उस दिन से इस इंसान ने मुझे हमेशा पूरा सम्मान दिया है।'