उत्तर प्रदेश में स्नातकोत्तर मेडिकल पाठ्यक्रमों में दाखिले का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अहम अपडेट है। चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशालय (डीजीएमई), उत्तर प्रदेश ने यूपी नीट पीजी 2026 की पहले दौर की ऑनलाइन काउंसलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत पंजीकरण 21 अक्तूबर को दोपहर 2 बजे से शुरू होगा। अभ्यर्थियों को एमडी, एमएस, डिप्लोमा और डीएनबी पाठ्यक्रमों में राज्य कोटे की सीटों पर प्रवेश के लिए तय समयसीमा के भीतर आवेदन करना होगा।
कब से कब तक कर सकेंगे पंजीकरण?
17 अक्टूबर को जारी अधिसूचना के अनुसार, ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 21 अक्तूबर 2026 को दोपहर 2 बजे शुरू होगी। आवेदन करने की अंतिम तारीख 26 अक्तूबर को सुबह 11 बजे है। पंजीकरण शुल्क और सिक्योरिटी फीस जमा करने की सुविधा 21 अक्तूबर से 26 अक्तूबर को दोपहर 2 बजे तक उपलब्ध रहेगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे पंजीकरण और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया निर्धारित समय के भीतर पूरी कर लें।
यूपी नीट पीजी काउंसलिंग की महत्वपूर्ण तारीखें
| काउंसलिंग प्रक्रिया |
तारीख और समय |
| ऑनलाइन पंजीकरण शुरू |
21 अक्तूबर 2026, दोपहर 2 बजे |
| पंजीकरण की अंतिम तारीख |
26 अक्तूबर 2026, सुबह 11 बजे |
| पंजीकरण और सिक्योरिटी फीस जमा करने की अंतिम समयसीमा |
26 अक्तूबर 2026, दोपहर 2 बजे |
| मेरिट सूची जारी |
26 अक्तूबर 2026 |
| ऑनलाइन विकल्प भरने की शुरुआत |
26 अक्तूबर 2026, शाम 5 बजे |
| विकल्प भरने की अंतिम तारीख |
30 अक्तूबर 2026, शाम 5 बजे |
| सीट आवंटन का परिणाम |
2 नवंबर 2026 |
| आवंटन पत्र डाउनलोड और प्रवेश प्रक्रिया |
3 से 7 नवंबर और 12 से 13 नवंबर 2026 |
कब जारी होगी मेरिट सूची और सीट आवंटन का परिणाम?
यूपी नीट पीजी 2026 काउंसलिंग की मेरिट सूची 26 अक्टूबर को जारी की जाएगी। इसी दिन शाम 5 बजे से अभ्यर्थी ऑनलाइन विकल्प भर सकेंगे। विकल्प भरने की प्रक्रिया 30 अक्तूबर को शाम 5 बजे तक चलेगी।
पहले दौर की काउंसलिंग का सीट आवंटन परिणाम 2 नवंबर को घोषित किया जाएगा। सीट मिलने वाले अभ्यर्थियों को 3 से 7 नवंबर और फिर 12 से 13 नवंबर 2026 के निर्धारित समय में आवंटन पत्र डाउनलोड करके प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
किन पाठ्यक्रमों में मिलेगा प्रवेश?
यह काउंसलिंग उत्तर प्रदेश के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों, संस्थानों तथा विश्वविद्यालयों में राज्य कोटे की सीटों पर दाखिले के लिए आयोजित की जा रही है। इसके तहत निम्नलिखित पाठ्यक्रम शामिल हैं:
- एमडी
- एमएस
- डिप्लोमा
- डीएनबी
यूपी नीट पीजी काउंसलिंग के लिए आवेदन कैसे करें?
काउंसलिंग में शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवार नीचे दिए गए चरणों का पालन कर सकते हैं:
- सबसे पहले आधिकारिक काउंसलिंग वेबसाइट upneet.gov.in पर जाएं।
- मुख्य पृष्ठ पर यूपी नीट पीजी 2026 काउंसलिंग पंजीकरण लिंक खोजें।
- पंजीकरण पोर्टल खोलें और दिए गए निर्देशों को ध्यान से पढ़ें।
- मांगी गई जानकारी भरकर ऑनलाइन पंजीकरण पूरा करें।
- निर्धारित समयसीमा के भीतर पंजीकरण शुल्क और सिक्योरिटी फीस जमा करें।
- मेरिट सूची जारी होने के बाद अपना नाम और संबंधित विवरण जांचें।
- निर्धारित समय में ऑनलाइन विकल्प भरें।
- सीट आवंटित होने पर तय अवधि के दौरान आवंटन पत्र डाउनलोड करें और प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें।