नालियों के जाम से सड़कों पर जमा पानी
बाजार व आंबेडकर कॉलेज को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग जर्जर
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। कबीर नगर स्थित कदमपुरी पुलिया नाला रोड पर जलभराव और टूटी सड़क ने स्थानीय जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश के पानी की निकासी न होने और नालियों के बंद होने से पूरी सड़क जलमग्न हो गई है, जिससे क्षेत्र की एक लाख से अधिक आबादी प्रभावित हो रही है।
खास बात यह कि इसी मार्ग से होकर स्थानीय कब्रिस्तान जाता है, जो प्रभावित स्थान से महज 100 मीटर दूर है। शवों को दफनाने के लिए परिजनों को गंदे पानी के बीच से गुजरने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे संवेदनशील समय में भारी कठिनाई हो रही है।
यह सड़क स्थानीय बाजार व डॉ. बीआर आंबेडकर कॉलेज को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, जिससे रोजाना हजारों खरीदार, छात्र-छात्राएं व शिक्षक गुजरते हैं। जगह-जगह गहरे गड्ढों व जलभराव के कारण व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है और हादसों का खतरा लगातार बना है। स्थानीय निगम पार्षद जरीफ ने बाढ़ एवं सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को पत्र लिखकर तुरंत कार्रवाई की मांग की है।