-उत्तम नगर की घटना, लाइब्रेरी संचालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज, मामले की छानबीन में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तम नगर इलाके में एक लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रहे 23 वर्षीय युवक के सिर पर छत का पंखा टूटकर गिर गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान राजस्थान के दौसा जिले के महुवा निवासी लोकेश कुमार बैरवा के रूप में हुई है। परिजनों ने उसे इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर लाइब्रेरी संचालक के खिलाफ लापरवाही और मानव जीवन की सुरक्षा खतरे में डालने का मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से संचालक फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, लोकेश उत्तम नगर के विजय नगर इलाके में रहते हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। वह पिछले कुछ महीनों से उत्तम नगर स्थित द लाइब्रेरी में पढ़ने के लिए जा रहे थे। 10 सितंबर की दोपहर करीब सवा तीन बजे पुलिस को सूचना मिली कि लाइब्रेरी में छत का पंखा टूटकर एक छात्र के ऊपर गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस को मौके पर पता चला कि घायल लोकेश को उनके परिजन इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल ले गए हैं। इसके बाद पुलिस अस्पताल पहुंची, जहां लोकेश का इलाज चल रहा था। उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी और वह बयान देने की स्थिति में नहीं था।
लोकेश के चचेरे भाई अनिल ने पुलिस को बताया कि हादसा उत्तम नगर स्थित लाइब्रेरी में हुआ। पुलिस टीम जब घटनास्थल पर पहुंची तो पहली मंजिल पर छत का टूटा हुआ पंखा पड़ा मिला। उस समय लाइब्रेरी संचालक मौके पर मौजूद नहीं था। पूछताछ में उसकी पहचान हरीश नायक के रूप में हुई।
पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य एप के माध्यम से की और टूटे हुए पंखे को महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए कब्जे में लेकर सील कर दिया। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट, घटनास्थल की स्थिति और प्रारंभिक जांच में लाइब्रेरी संचालक की लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार संचालक की तलाश के साथ-साथ घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।