वन विभाग की टीम ने मंगलवार को राजावाला रोड तेलपुर से एक विशालकाय 12 फीट लंबे अजगर का रेस्क्यू किया। सड़क किनारे आए अजगर व वन विभाग की चल रही कार्रवाई को देखने के लिए राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। टीम ने अजगर को पकड़कर सुरक्षित तरीके से आरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया।
वन विभाग की झाझरा वन रेंज को सोमवार की रात लगभग 10 बजे राजवाला रोड क्षेत्र के तेलपुर में अजगर दिखाई देने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वन दरोगा मुकेश कुमार व वन बीट अधिकारी चेतन चौहान मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कालसी वन प्रभाग की चौहड़पुर रेंज को सूचना देकर विभाग के सर्पमित्र आदिल मिर्जा को भी मौके पर बुला लिया। इसके पश्चात अजगर के रेस्क्यू का कार्य प्रारंभ किया गया। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद उन्होंने उसे अपने कब्जे में ले लिया। रेस्क्यू के दौरान सड़क से गुजर रहे राहगीरों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। सर्पमित्र आदिल मिर्जा ने बताया अजगर को पकड़कर उसे उसकी प्राकृतिक आवासीय स्थिति के हिसाब से झाझरा वन रेंज के आरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया है। संवाद