फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दलीप ट्रॉफी के बाद अब घरेलू क्रिकेट में क्या?: टीम इंडिया को अगले साल मार्च तक कौन से मैच खेलने हैं, जानें

Wed, 09 Sep 2026 06:30 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

भारतीय टीम अगले कुछ महीनों तक काफी व्यस्त रहने वाली है। दलीप ट्रॉफी के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज होनी है और फिर एशियाई खेलों में भी भारतीय टीम उतरेगी। आइए जानते हैं भारत का अगले कुछ महीनों का पूरा कार्यक्रम...
विज्ञापन
भारतीय टीम - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय टीम का अगले कुछ दिनों में कार्यक्रम काफी व्यस्त है। भारत का घरेलू सीजन भी शुरू हो चुका है जिसमें स्टार खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं। फिलहाल दलीप ट्रॉफी का फाइनल ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच खेला जा रहा है। दलीप ट्रॉफी 10 सितंबर को खत्म हो रही है, लेकिन इसके बाद भी घरेलू क्रिकेट और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का शेड्यूल जारी रहेगा। सितंबर से लेकर अगले साल मार्च तक भारतीय खिलाड़ियों का कार्यक्रम काफी व्यस्त है। इस दौरान घरेलू क्रिकेट के साथ ही कई अंतरराष्ट्रीय सीरीज भी खेली जानी है। आइए जानते हैं आगे टीम इंडिया को किस-किस के खिलाफ खेलना है और घरेलू क्रिकेट का कार्यक्रम कैसा रहेगा...
विज्ञापन

भारत बनाम अफगानिस्तान - फोटो : ANI
अफगानिस्तान के खिलाफ होगी सीरीज
दलीप ट्रॉफी के बाद भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में खेलती नजर आएगी। भारत और अफगानिस्तान के बीच सीरीज के तीनों मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। पहला टी20 13 सितंबर, दूसरा 15 सितंबर और तीसरा मुकाबला 17 सितंबर को होगा। यानी भारत और अफगानिस्तान के बीच पूरी टी20 सीरीज पांच दिनों के भीतर पूरी हो जाएगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का एलान कर दिया था। भारतीय टीम श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलने उतरेगी। इस टीम में सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी शामिल किया गया है। 

एशियाड में स्वर्ण का बचाव करने उतरेगी टीम
भारतीय टीम श्रेयस अय्यर की अगुआई में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक का बचाव करने उतरेगी। भारत ने हांगझू एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। पिछले बार की तरह इस बार भी एशियाड में क्रिकेट की प्रतिस्पर्धा टी20 प्रारूप में होगी। भारत अपने अभियान की शुरुआत सीधे क्वार्टर फाइनल से करेगा। इससे पहले टीम इंडिया जापान के खिलाफ 22 सितंबर को एक टी20 मैच भी खेलेगी। दोनों देशों के बीच यह पहला मुकाबला होगा। 

वेस्टइंडीज की करनी है मेजबानी
भारत को 27 सितंबर से लेकर 16 अक्तूबर तक वेस्टइंडीज के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज खेलनी है। इस दौरान तीन वनडे और पांच टी20 मुकाबले खेले जाने हैं। सबसे पहले वनडे सीरीज होगी जिसमें रोहित शर्मा और विराट कोहली भी खेलते हुए नजर आएंगे। 27 सितंबर को पहला वनडे तिरुवंनतपुरम में खेला जाएगा। इसके बाद अगले दो वनडे मुकाबले 30 सितंबर और तीन अक्तूबर को क्रमश: गुवाहाटी और मुल्लांपुर में खेले जाएंगे। फिर छह अक्तूबर से पांच मैचों की टी20 सीरीज होगी। पहला मैच लखनऊ में होगा, जबकि अगले चार मुकाबले नौ, 11, 14 और 17 अक्तूबर को खेले जाएंगे। 

ईरानी कप और रणजी ट्रॉफी का कार्यक्रम
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बीच ही ईरानी कप का आयोजन होगा। इसका मुकाबला एक से पांच अक्तूबर तक खेला जाएगा। फिर रणजी ट्रॉफी का पहला चरण 11 अक्तूबर से शुरू होगा जो पांच नवंबर तक चलेगा। 

भारत बनाम न्यूजीलैंड - फोटो : ANI
न्यूजीलैंड के खिलाफ होगी तीनों प्रारूप की सीरीज
भारतीय टीम 22 अक्तूबर से एक दिसंबर 2026 तक न्यूजीलैंड में रहेगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच कुल 12 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें पांच टी20, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच शामिल हैं। करीब 40 दिनों तक चलने वाला यह दौरा पांच प्रमुख शहरों में आयोजित किया जाएगा। भारत का दौरा पांच मैचों की टी20 सीरीज से शुरू होगा। पहला और दूसरा टी20 क्रमशः 22 और 24 अक्तूबर को क्राइस्टचर्च के हैगले ओवल में खेले जाएंगे। इसके बाद तीसरा टी20 27 अक्तूबर को वेलिंगटन में होगा, जबकि चौथा मुकाबला 30 अक्तूबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा। पांचवां और अंतिम टी20 मैच एक नवंबर को हैमिल्टन के सेडन पार्क में आयोजित होगा।

टी20 सीरीज के बाद दोनों टीमें पांच मैचों की वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी। पहला वनडे चार नवंबर को ऑकलैंड में खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला सात नवंबर को वेलिंगटन में और तीसरा वनडे 10 नवंबर को हैमिल्टन में होगा। चौथा और पांचवां वनडे क्रमशः 13 और 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई (टौरंगा) के बे ओवल मैदान पर खेले जाएंगे। दौरे का समापन दो मैचों की टेस्ट सीरीज के साथ होगा। पहला टेस्ट 19 से 23 नवंबर तक वेलिंगटन के प्रतिष्ठित बेसिन रिजर्व मैदान पर खेला जाएगा। दूसरा और अंतिम टेस्ट 27 नवंबर से एक दिसंबर तक क्राइस्टचर्च के हैगले ओवल में आयोजित होगा। 

भारत बनाम न्यूजीलैंड सीरीज का पूरा शेड्यूल
तारीख मुकाबला स्थान
22 अक्तूबर पहला टी20 हैगले ओवल, क्राइस्टचर्च
24 अक्तूबर दूसरा टी20 हैगले ओवल, क्राइस्टचर्च
27 अक्तूबर तीसरा टी20 हेनरी स्टेडियम, वेलिंगटन
30 अक्तूबर चौथा टी20 ईडन पार्क, ऑकलैंड
1 नवंबर पांचवां टी20 सेडन पार्क, हैमिल्टन
4 नवंबर पहला वनडे ईडन पार्क, ऑकलैंड
7 नवंबर दूसरा वनडे हेनरी स्टेडियम, वेलिंगटन
10 नवंबर तीसरा वनडे सेडन पार्क, हैमिल्टन
13 नवंबर चौथा वनडे बे ओवल, टौरंगा
15 नवंबर पांचवां वनडे बे ओवल, टौरंगा
19-23 नवंबर पहला टेस्ट बेसिन रिजर्व, वेलिंगटन
27 नवंबर-1 दिसंबर दूसरा टेस्ट हैगले ओवल, क्राइस्टचर्च

सैयद मुश्ताक टी20 ट्रॉफी की शुरुआत
न्यूजीलैंड दौरे के बीच में ही घरेलू क्रिकेट में सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी का आयोजन भी होगा। यह प्रतिष्ठित घरेलू टूर्नामेंट 14 नवंबर से लेकर छह दिसंबर तक खेला जाएगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीनों प्रारूप की सीरीज होने के कारण इस बात की संभावना कम है कि इसमें स्टार खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे। लेकिन उन खिलाड़ियों को जरूर खेलने का मौका मिलेगा जो न्यूजीलैंड दौरे पर नहीं जा पाएंगे। 

श्रीलंका के खिलाफ होगी सीरीज ओवरों की सीरीज
श्रीलंका के खिलाफ भारत ने अगस्त में दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली थी। लेकिन दिसंबर में दोनों टीमों के बीच सीमित ओवरों की सीरीज खेली जाएगी। 13 से 27 दिसंबर तक भारत और श्रीलंका के बीच तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज होगी। 

अगले साल की शुरुआत जिम्बाब्वे सीरीज से
भारतीय टीम 2027 की शुरुआत जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के साथ करेगी। भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन से नौ जनवरी तक ये वनडे सीरीज खेली जाएगी। अगले साल वनडे विश्व कप भी होना है, ऐसे में जिम्बाब्वे के खिलाफ ये सीरीज विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से अहम होगी। देखना दिलचस्प होगा कि इसमें रोहित और कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ी खेलते हैं या नहीं। 
विज्ञापन

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया - फोटो : ANI
भारत में होगी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 
अगले साल भारत में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी भी होनी है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज 21 जनवरी से 27 फरवरी तक खेली जाएगी। पहला टेस्ट 21 जनवरी से शुरू होगा, जबकि आखिरी टेस्ट मैच 27 फरवरी से खेला जाएगा। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में पहुंचने के लिहाज से यह सीरीज काफी अहम होगी। पिछली बार ऑस्ट्रेलिया ने भारत से बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी सीरीज जीती थी, लेकिन अगले साल टीम इंडिया के पास इसे फिर अपने नाम करने का मौका होगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें