रोहतास के डेहरी ऑन सोन में प्रशासन ने लायन सवेरा सॉस फैक्ट्री पर छापा मारकर उसे सील कर दिया। जांच के लिए सॉस के नमूने लिए गए हैं। प्रशासन के अनुसार, फैक्ट्री में गंदगी और कथित खतरनाक केमिकल मिले, जबकि लाइसेंस में चिली सॉस बनाने की अनुमति नहीं थी।
रोहतास जिले से मंगलवार को खाद्य पदार्थों में मिलावट और मानकों की अनदेखी का बड़ा मामला सामने आया है। आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ के आरोप में डेहरी ऑन सोन स्थित लायन सवेरा नामक टोमैटो एवं चिली सॉस फैक्ट्री को प्रशासन ने फिलहाल सील कर दिया है। कार्रवाई के दौरान सॉस के कई नमूने लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
विज्ञापन
एसडीएम के नेतृत्व में फैक्ट्री में छापेमारी
डेहरी आन सोन नगर थाना क्षेत्र के एनिकट टॉल बांस के समीप स्थित लायन सवेरा फैक्ट्री में एसडीएम निलेश कुमार के नेतृत्व में मंगलवार को छापेमारी की गई। प्रशासन के अनुसार, सॉस निर्माण में कथित तौर पर कई खतरनाक केमिकल और अन्य गलत सामग्रियों का इस्तेमाल किया जा रहा था। फैक्ट्री परिसर में काफी गंदगी और कीड़े-मकोड़े भी पाए गए।
लाइसेंस में अनुमति नहीं, फिर भी बन रहा था चिली सॉस
एसडीएम निलेश कुमार के अनुसार, फैक्ट्री संचालक द्वारा दिखाए गए लाइसेंस में चिली सॉस निर्माण की अनुमति नहीं थी। इसके बावजूद फैक्ट्री में चिली सॉस का निर्माण किया जा रहा था। इसके अलावा टोमैटो और चिली सॉस के लिए इस्तेमाल की जाने वाली बोतलें भी गंदी और पुरानी पाई गईं।
नमूने जांच के लिए भेजे, सामग्री कराई गई नष्ट
कार्रवाई के दौरान जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने सॉस के नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रशासन ने बरामद अन्य सामग्रियों को नष्ट करा दिया है। एसडीएम निलेश कुमार ने बताया कि खतरनाक केमिकल के इस्तेमाल और परिसर में गंदगी मिलने के कारण फैक्ट्री को सील किया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर फैक्ट्री संचालक के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।